भुज से गरजे रक्षामंत्री – पाकिस्तान को नाश्ता-पानी जितनी देर में निपटा दिया, ब्रह्मोस ने रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया
भुज (गुजरात)। 1965 की वीरगाथा से लेकर 2025 के ‘आपरेशन सिंदूर’ तक भुज की धरती एक बार फिर भारत के पराक्रम की गवाही बनी। युद्धविराम के बाद भुज एयरबेस पर पहुंचे भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों के साहस, संयम और सटीकता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेताया और कहा कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा।
-ऒपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, सही समय पर दुनिया को की पूरी पिक्चर भी दिखाएंगे
-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को कड़ा संदेश – अब आतंक का जवाब सिर्फ़ करारा होगा
अपने संबोधन की शुरुआत में ही राजनाथ सिंह का स्वर दृढ़ था। उन्होंने कहा, ऒपरेशन सिंदूर में भारत की सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने पूरे विश्व को चौंका दिया है। हमारे जवानों ने नाश्ता-पानी जितनी देर में पाकिस्तान को निपटा दिया।
उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तान अब खुद ब्रह्मोस की मारक क्षमता को रात के अंधेरे में दिन के उजाले जैसी स्वीकार कर चुका है।
ब्रह्मोस की गरज और दुश्मन की थरथराहट
रक्षामंत्री ने बताया कि हाल के ऑपरेशन में भारत के ब्रह्मोस मिसाइल, आकाश डिफेंस सिस्टम, और रडार तकनीक की वैश्विक स्तर पर तारीफ हो रही है। जहां-जहां से दुश्मन के ड्रोन घुसे, वहां-वहां हमारे जवानों ने उन्हें मार गिराया। उनके ड्रोन आ रहे थे और हमारा एयर डिफेंस सिस्टम उन्हें मारे जा रहा था और हमारे आम नागरिक इसके वीडियो बना रहे थे।
जैश सरगना को 14 करोड़ का मुआवज़ा, लश्कर को सरकारी फंडिंग
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की पोल खोलते हुए कहा कि ऒपरेशन सिंदूर में तबाह हो चुके आतंकी संगठनों को वह अब फिर खुलकर फंडिंग कर रहा है। जैश के आतंकी मसूद अजहर को पाकिस्तान ने परिवार के 14 लोगों के मरने के मुआवज़े के नाम पर 14 करोड़ रुपये दिए हैं। लश्कर को खड़ा करने के लिए सरकारी मदद दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुनिया को पाकिस्तान की इन हरकतों को गौर से देखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आईएमएफ को पाकिस्तान के लिए हाल ही में स्वीकृत की गई एक बिलियन डॊलर की फंडिंग पर पुनर्विचार करना चाहिए, क्योंकि यह पैसा आतंकवाद को फैलाने और आतंकियों को फिर से खड़ा करने में इस्तेमाल किया जाएगा।
परमाणु हथियार कभी भी आतंकियों के हाथ में जा सकते हैं
रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के आम लोगों को चेताया कि पाकिस्तान आज एक बारूद के ढेर पर बैठा है, और पूरी दुनिया को यह समझने की ज़रूरत है कि वहां के हालात कैसे खतरनाक होते जा रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ – अभी तो ट्रेलर है
राजनाथ सिंह ने यह कहकर सबका ध्यान खींचा कि ऒपरेशन सिंदूर में भारत की कार्रवाई अभी अधूरी है। उन्होने कहा, ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है। सही समय आने पर पूरी पिक्चर दिखेगी। अभी तो दुनिया को सिर्फ ट्रेलर दिखाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने पाकिस्तान को प्रोबेशन (परीक्षण अवधि) पर रखा है। अगर अब कोई हरकत की, तो जवाब और तीखा होगा।
सेना पर गर्व, दुनिया कर रही सलाम
राजनाथ सिंह ने अंत में कहा, दुनिया का बच्चा-बच्चा आज भारतीय सेना को आदर्श मान रहा है। जो पराक्रम हमारी सेनाओं ने दिखाया है, उससे भारत का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है। 1965 में भी भुज की धरती से पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया गया था और अब 2025 में भी इसी धरती से संदेश दिया जा रहा है कि भारत किसी भी कीमत पर आतंक बर्दाश्त नहीं करेगा।
पाकिस्तान के हर कोने तक हमारी पहुंच
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''यह कोई छोटी बात नहीं है कि हमारी एयरफोर्स की पहुंच पाकिस्तान के हर कोने तक है। यह बात पूरी तरह साबित हो चुकी है। आज स्थिति यह है कि भारत के फाइटर प्लेन बिना सरहद पार किए ही, यहीं से उनके हर कोने तक प्रहार करने में सक्षम हैं। पूरी दुनिया ने देख लिया है कि कैसे आपने पाकिस्तान की धरती पर मौजूद, आतंकवाद के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, बाद में की गई कारवाई में उनके अनेक एयरबेस तबाह कर दिए।
हमने पाकिस्तान को दिन में तारे दिखा दिए
राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, 'ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को तो पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है। हमारे देश में एक कहावत काफी पुरानी है और वह है - दिन में तारे दिखाना। डीआरडीओ द्वारा बनाये गए ‘आकाश’ और अन्य राडार सिस्टम की पाकिस्तान को दिन में तारे दिखाने की जबरदस्त भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाक के सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। इंडियन एयर फोर्स ने इस दौरान अहम भूमिका निभाई।