दिल्ली का कुणाल हत्याकांडः लेडी डॊन जिक्रा का नाम सामने आ रहा
दिल्ली। दिल्ली में उत्तर-पूर्वी जिले के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय किशोर कुणाल की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला गर्मा गया है। इस घटना को लेकर सीलमपुर में सुबह से ही विरोध प्रदर्शन भी चल रहा है। इस वारदात में जिस जिक्रा नाम की युवती का नाम सामने आ रहा है, उसके बारे में जानकर लोग हैरान हैं। जिक्रा सीलमपुर की लेडी डॊन के रूप में चर्चा में है। खुद जिक्रा ने इंस्टाग्राम एकाउंट पर खुद को लेडी डॊन दर्शा रखा है। सीलमपुर में लोगों द्वारा रोड जाम किए जाने के बाद पुलिस ने लेडी डॊन जिक्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:38 बजे न्यू सीलमपुर के जे-ब्लॉक में हुई। कुणाल, जो राजवीर का पुत्र था, को उस समय चाकू घोंप दिया गया था जब वह घर से दूध लेने के लिए निकला था। चाकू लगने से गंभीर हालत में जेपीसी अस्पताल ले जाया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर क्राइम टीम को भेजा गया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल, हत्या के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है, और आरोपी की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। इलाके में तनाव देखते हुए सीलमपुर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस वारदात को लेकर दो लोगों को चिह्नित किया जा चुका है।
कुणाल की हत्या के मामले में जिक्रा नाम की एक लड़की का नाम सामने आ रहा है। बताया गया है कि जिक्रा इलाके में दबंगई दिखाती है। पहले जिक्रा के भाई पर हमला हुआ था। माना जा रहा था कि इस हमले का बदला लेने के लिए ही कुणाल की हत्या की गई है। सनसनीखेज हत्याकांड में एक लड़की का नाम आने से इलाके के लोग भी दंग हैं।