कड़ाके की ठंड में भी बढ़ा हुआ है दिल्ली का राजनीतिक तापमान

नई दिल्ली। दिल्ली में आज विधान सभा चुनाव की गहमागहमी देखने को मिली। आज नई दिल्ली सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ ही भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने नामांकन दाखिल किए। दोनों ही प्रतिद्वंद्वियों ने नामांकन में शक्ति प्रदर्शन किया।

Jan 15, 2025 - 13:58
 0
कड़ाके की ठंड में भी बढ़ा हुआ है दिल्ली का राजनीतिक तापमान

-नई दिल्ली सीट से केजरीवाल के अलावा प्रवेश वर्मा ने भी किया नामांकन, दोनों ओर से शक्ति प्रदर्शन

दिल्ली के विधान सभा चुनाव में नई दिल्ली सीट सबसे ज्यादा चर्चाओं में है क्योंकि इस बार के चुनाव में इस सीट पर बहुत कांटे का चुनाव होने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल के मुकाबले को भाजपा ने अपने तेज तर्रार नेता एवं पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को मैदान में उतार रखा है जबकि कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को प्रत्याशी बनाया है जो दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शीला दीक्षित के पुत्र हैं।

इन तीनों महारथियों ने नई दिल्ली सीट पर कांटे के मुकाबले की स्थिति बना दी है। आज अरविंद केजरीवाल के अलावा प्रवेश वर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया। अरविंद केजरीवाल नामांकन से पहले वाल्मीकि मंदिर और हनुमान मेंदिर में दर्शन करने गए। वे अपने नामांकन में महिलाओं को साथ लेकर आधी आबादी को 2100 रुपये हर महीने देने के अपने वायदे के बारे में संदेश दे रहे थे। उधर प्रवेश वर्मा भी पूरे तामझाम के साथ नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ भी भारी भीड़ थी और उत्साही लोग नारे लगाते चल रहे थे।

इस सीट के अलावा भी आज ही कई अन्य सीटों पर बड़े नेताओं के नामांकन दाखिल हो रहे हैं। कुल मिलाकर कड़ाके की ठंड में भी दिल्ली का राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor