दशहरा शोभायात्रा मार्ग की मरम्मत व सफाई की मांग,मेयर और नगरायुक्त को सौंपा ज्ञापन
आगरा। खातीपाड़ा-जटपुरा स्थित श्रीरामचंद्र जी महाराज के प्राचीन मंदिर से निकलने वाली लगभग 400 वर्ष पुरानी दशहरा शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आज आयोजन समिति ने नगर निगम प्रशासन से विशेष मांग की। समिति पदाधिकारियों ने महापौर हेमलता दिवाकर व नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर शोभायात्रा मार्ग पर मरम्मत, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की बात कही। यह शोभायात्रा 2 अक्टूबर को ढोल-नगाड़ों व आकर्षक झांकियों के साथ निकलनी है।
आयोजन समिति ने बताया कि दशहरा शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं, सड़कें टूटी पड़ी हैं और सीवर उफन रहा है। बरसात के चलते जलभराव भी हो रहा है। मांग की गई कि शोभायात्रा से पूर्व सड़क निर्माण व मरम्मत हो, उफनते सीवर को ठीक कराया जाए और व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए।
समिति ने बताया कि मार्ग पर कई जगह स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। उन सभी को दुरुस्त कराने और संक्रमण से बचाव के लिए चूना छिड़कवाने की भी मांग रखी गई।
महापौर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने आयोजन समिति को आश्वासन दिया कि शोभायात्रा मार्ग की हर समस्या को गंभीरता से लिया गया है। सफाई, सीवर, लाइट, सड़क व जलभराव से जुड़ी समस्याओं को जल्दी ही हल किया जाएगा। नगरायुक्त ने मार्ग का निरीक्षण करने की भी बात कही।
आयोजन समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह शोभायात्रा बेहद प्राचीन परंपरा का हिस्सा है, और शहरवासियों को जोड़ने का माध्यम भी। समाज के सभी वर्ग मिलकर शांतिप्रिय ढंग से भव्य शोभायात्रा निकालने का प्रयास कर रहे हैं। नई पीढ़ी को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर आयोजन समिति अध्यक्ष विनय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष तरुण सिंह, महामंत्री राजपाल यादव, संयोजक हेमंत प्रजापति, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद चौहान, टीटू पंडित, विक्रांत सिंह, अमित पटेल आदि उपस्थित रहे।