घने कोहरे ने ली युवक की जान, दक्षिणी बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, पहचान अब तक नहीं

दक्षिणी बाइपास पर देर रात घने कोहरे के कारण एक अज्ञात युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। कई वाहनों के ऊपर से गुजरने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने शव के टुकड़े जुटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Jan 30, 2026 - 22:18
 0
घने कोहरे ने ली युवक की जान, दक्षिणी बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, पहचान अब तक नहीं
इमेज फोटो

आगरा। घने कोहरे और अंधेरे के चलते गुरुवार  देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा थाना किरावली क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी बाइपास पर बजरंग ढाबा के आगे करीब रात दो बजे हुआ। हादसे के बाद युवक का शव कई वाहनों के ऊपर से गुजरने के कारण बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान सड़क पर अज्ञात युवक किसी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद पीछे से आ रहे कई भारी और हल्के वाहन शव के ऊपर से गुजर गए, जिससे शव के कई टुकड़े हो गए।

सूचना मिलने पर थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे शव के टुकड़ों को एकत्र कर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह अंधेरा और घना कोहरा प्रतीत हो रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है।