पीलीभीत में डिप्टी सीएम मौर्य बोले- गरीब परिवार से पीएम बने मोदी, यही विपक्ष को खटकता है

-आरके सिंह- पीलीभीत। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गरीब परिवार से निकलकर नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री बने हैं, यही सच्चाई विपक्षी दलों को खटक रही है। इसी कारण वे लगातार जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब जनता की अदालत में ही फैसले होते हैं।

Sep 19, 2025 - 18:50
Sep 19, 2025 - 18:51
 0
पीलीभीत में डिप्टी सीएम मौर्य बोले- गरीब परिवार से पीएम बने मोदी, यही विपक्ष को खटकता है
पीलीभीत में भाजपा कार्यालय में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पार्टीजनों को संबोधित करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्री मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और उनके गरीब परिवार से आने की सच्चाई को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का हर बयान बांटो और राज करो की राजनीति का प्रतीक है। कटाक्ष करते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव के लिए यूपी में और राहुल गांधी के लिए देश में 2047 तक कोई वेकेंसी नहीं है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करता है, जबकि हकीकत यह है कि अब बूथ कैप्चरिंग का जमाना खत्म हो चुका है। जनता की अदालत में ही अब असली फैसला होता है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में गुंडागर्दी के सहारे चुनाव जीते जाते थे, लेकिन भाजपा शासन में गुंडे प्रदेश से बाहर हो गए हैं।

उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जनता ने विपक्ष को करारा जवाब दिया। अब बिहार की बारी है और वहां भी एनडीए गठबंधन बहुमत से जीत दर्ज करने जा रहा है।

श्री मौर्य ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नारी स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया है। इसी कड़ी में जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां महिलाओं सहित सभी का स्वास्थ्य परीक्षण निशुल्क किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने घर की महिलाओं को इन कैंपों में अवश्य ले जाएं, क्योंकि नारी स्वस्थ होगी तो देश स्वस्थ होगा।

SP_Singh AURGURU Editor