डेस्टिनेशन वेडिंग बनेगी पर्यटन की नई ताकत : पर्यटन और वेडिंग इंडस्ट्री का आगरा में संगम

आगरा। शहर के एक होटल में आयोजित उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की परिचर्चा में पर्यटन और वैवाहिक उद्योग के विशेषज्ञों ने कहा कि वेडिंग सेक्टर और पर्यटन एक-दूसरे के पूरक हैं। परस्पर सहयोग से दोनों सेक्टर न केवल आगरा बल्कि पूरे देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण स्तंभ बन सकते हैं।

Sep 25, 2025 - 19:06
 0
डेस्टिनेशन वेडिंग बनेगी पर्यटन की नई ताकत : पर्यटन और वेडिंग इंडस्ट्री का आगरा में संगम
उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की परिचर्चा में बोलते सुनील गुप्ता। मंचस्थ हैं प्रहलाद अग्रवाल, अमूल्य कक्कड, मनीष अग्रवाल रावी आदि।

परिचर्चा का विषय था- भारतीय पर्यटन विकास का सशक्त स्तंभ : वेडिंग सेक्चर। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पर्यटन उद्यमी सुनील गुप्ता, प्रहलाद अग्रवाल, अमूल्य कक्कड़, रमेश वाधवा, मनीष अग्रवाल रावी, महासचिव संदीप उपाध्याय, सौरभ सिंघल, सीपी चौधरी और सनी गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि वैवाहिक उद्योग और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जब दोनों मिलेंगे तो उत्तर प्रदेश शादियों और पर्यटन दोनों का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बनेगा।

वेडिंग सेक्टर का बढ़ता आकार

इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के नॉर्थ रीजन चेयरमैन सुनील गुप्ता ने बताया कि भारत में वेडिंग इंडस्ट्री का कारोबार करोड़ों में है। हर साल 1 से 1.5 करोड़ शादियां होती हैं, जिनमें 10 से 12% की ग्रोथ दर्ज हो रही है। हनीमून मार्केट का आकार भी लगातार बढ़ रहा है। आगरा में विवाह स्थलों की कमी एक बड़ी चुनौती है, इसलिए राजस्थान की तर्ज पर ऐतिहासिक धरोहरों के पास वेडिंग आयोजन की अनुमति मिलनी चाहिए।

शादियां अब उत्सव बन चुकी हैं

टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि पहले शादियां रीति-रिवाज भर थीं, अब वे उत्सव बन चुकी हैं। आज वर-वधु खुद निर्णय लेते हैं और वेडिंग प्लानर्स उन्हें हर पल खास बनाने के अवसर देते हैं। आगरा की हवाई और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे यहां वेडिंग इंडस्ट्री पर्यटन विकास की धुरी बन सकती है।

डेस्टिनेशन वेडिंग का आकर्षण

आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल ने कहा कि लोग अब डेस्टिनेशन वेडिंग का अनुभव चाहते हैं। यदि सरकार होटलों के साथ ऐतिहासिक धरोहरों पर वेडिंग रीतियों की अनुमति दे, तो पर्यटन और वेडिंग दोनों उद्योगों को फायदा होगा।

कोविड के बाद नया आयाम

पर्यटन उद्यमी रमेश वाधवा ने कहा कि कोविड के बाद डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज तेजी से बढ़ा है। बजट होटल से लेकर फाइव स्टार होटल तक इस ट्रेंड से लाभान्वित हो रहे हैं। ऐसे में वेडिंग सेक्टर पर्यटन और होटल इंडस्ट्री के लिए नई ऊर्जा लेकर आया है।

परिचर्चा में इनकी रही सहभागिता

परिचर्चा का संचालन महासचिव संदीप उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर स्वप्निल कुलश्रेष्ठ, सनी गुप्ता, हर्ष सिसोदिया, रिचा भदौरिया, कमलप्रीत सिंह, संदीप सिकरवार, पंकज गोयल, शिखा जैन, विनोद चौधरी, मनदीप, अमन कपूर, प्रेम सिंह, राहुल गौड़, अवि कुलश्रेष्ठ सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
व्यवस्था में अनिल सविता, दिलीप कुमार, सागर तोमर, अपरार्क शर्मा, अमित यादव आदि की विशेष भूमिका रही।

SP_Singh AURGURU Editor