लघु उद्योग स्थापित करने को उद्यमियों को दिलाएँगे विकसित प्लाट: राकेश गर्ग

आगरा। शासन ने उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम का अध्यक्ष राकेश गर्ग को बनाया है।अभी तक वह निगम के उपाध्यक्ष के रूप में प्रदेश में लघु उद्योगों को बढ़ाने के मिशन में जुटे हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी कार्य क्षमता से प्रभावित होकर अध्यक्ष का दायित्व देने का फैसला किया।

Sep 12, 2024 - 22:11
 0
लघु उद्योग स्थापित करने को उद्यमियों को  दिलाएँगे विकसित प्लाट: राकेश गर्ग

गर्ग को उनकी मेहनत का ईनाम अध्यक्ष के रूप में मिला है। लखनऊ के व्यापारी नेता नटवर गोयल को निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया है। अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही राकेश गर्ग के आवास पर बधाई देने वालों का ताँता लगा हुआ है। 

शहर के प्रकाश ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संचालक और कमलानगर निवासी राकेश गर्ग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सक्रिय स्वयं सेवक हैं। वह संघ से जुड़ी संस्था लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री भी हैं। वह वर्ष 2014-19 में लघु उद्योग भारती के उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं और प्रदेश भर में साढ़े पांच हजार सदस्यों को जोड़ने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। उनकी कार्य क्षमताओं को देखकर ही उन्हें वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया था।

उद्योग स्थापित करने को दिलाएँगे विकसित प्लाट

नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बातचीत में कहा कि प्रदेश में लघु उद्योगों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लघु उद्योग स्थापित करने के लिए स्वीकृत और विकसित भूखंडों का बहुत अभाव है, उनका प्रयास होगा कि संबधित विभागों से वार्ता कर लघु उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को विकसित प्लाट दिलाएँ।