जिला पंचायत के करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ
आगरा। ग्रामीण क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने गुरुवार को करोड़ों रुपए की लागत से शुरू होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह पहल सरकार की अंत्योदय कार्य योजना को गति देने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
-अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने किया शिलान्यास, कुछ कामों का लोकार्पण भी किया गया
ग्रामीण अंचल के विकास को मिली रफ्तार
डॉ. मंजू भदौरिया ने इस मौके पर मौजूद गांववासियों को संबोधित करते हुए कहा, “जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और संकल्पित है। संपर्क मार्गों का उन्नयन, डामरीकरण और सीसी रोड का निर्माण ग्रामीण जनता के आवागमन को आसान और सुरक्षित बनाएगा।”
उन्होंने बताया कि शमसाबाद क्षेत्र के अंतर्गत निम्नलिखित स्थानों पर विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। नगला भिक्की: नवीन लेपन कार्य का शिलान्यास, ग्राम मिहवा रोड (थाप खरगा): डामरीकरण कार्य का शुभारंभ, ग्राम धनोला कलां से नरे का पुरा तक: संपर्क मार्ग का नवीन लेपन और ग्राम घड़ी धर्मजीत एवं चीकना: विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण।
जनता ने किया गर्मजोशी के साथ स्वागत
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचीं डॉ. मंजू भदौरिया का क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पुष्पमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और भी सुविधाओं की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बजरंग, युवराज सिंह, जितेंद्र सिंह, मनोज लंबरदार, सोनू प्रधान, धर्मेंद्र प्रधान, राम नारायण प्रधान, मझवीर प्रधान, अतवीर सिंह, धनवान सिंह, जयदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।