ढाबा संचालक की दबंगई, कुंभ नहाने जा रहे श्रद्धालुओं से की मारपीट
आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेस वे लिंक रोड स्थित संगम ढाबा संचालक की दबंगई का मामला सामने आया है। कुंभ स्नान को प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं के साथ संचालक और कर्मचारियों ने मारपीट की और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। महिलाओं के साथ भी बदतमीजी का भी आरोप है।
बताया जा रहा है कि ढाबा संचालक ने श्रद्धालुओं से शौचालय का उपयोग करने के लिए पैसे मांगे, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। संचालक और ढाबे के कर्मियों ने श्रद्धालुओं को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। इतना ही नहीं उन्होंने महिलाओं से भी अभद्रता की।
पीड़ित श्रद्धालुओं ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।