धनौली सिविल टर्मिनल को नई उड़ान, डीएम ने दिए जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश

आगरा के धनौली में निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना को जुलाई 2026 तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। टर्मिनल में 1400 यात्रियों की क्षमता, डिजिटल चेक-इन, ग्रीन एनर्जी, मल्टी-लेवल पार्किंग और आधुनिक विमानन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

Feb 5, 2026 - 20:56
 0
धनौली सिविल टर्मिनल को नई उड़ान, डीएम ने दिए जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश
निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी।

1400 यात्रियों की क्षमता, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल सुविधाओं से लैस होगा आगरा का नया एयर टर्मिनल

आगरा। आगरा के विकास को नई उड़ान देने वाले निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल धनौली का आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी) एवं प्रोजेक्ट प्रभारी अनूप चन्द्र श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को न्यू सिविल एन्क्लेव की रूपरेखा और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्णता की ओर है और इसे तय समयसीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

जुलाई 2026 तक प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सिविल टर्मिनल को जुलाई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने टर्मिनल परिसर में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया टर्मिनल

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि धनौली सिविल टर्मिनल को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार होंगी—

1400 यात्रियों की क्षमता वाला पूर्णतः वातानुकूलित टर्मिनल भवन
19 आधुनिक यात्री चेक-इन काउंटर
डिजी यात्रा और सेल्फ चेक-इन जैसी डिजिटल सुविधाएं
मल्टी-लेवल कार पार्किंग की सुविधा
9 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला आधुनिक एप्रन
टर्मिनल से विमान तक सीधी यात्री बोर्डिंग सुविधा
ग्रीन बिल्डिंग और हरित ऊर्जा पर विशेष फोकस

यह सिविल टर्मिनल पर्यावरण अनुकूल ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जा रहा है। हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इसमें 500 किलोवॉट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 33 चार्जिंग पॉइंट्स भी बनाए जाएंगे।

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्धता के साथ-साथ निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि आगरा को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक एयर टर्मिनल मिल सके।