डीआईसी महाप्रबंधक की नेशनल चैम्बर संग अहम बैठक, निर्यात से लेकर समाधान दिवस तक कई बड़े आश्वासन

आगरा के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक शैलेन्द्र सिंह ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में सरकार की औद्योगिक नीति, निर्यात प्रोत्साहन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और ताज संरक्षित क्षेत्र में उद्योगों की चुनौतियों पर गंभीर चर्चा हुई।

Feb 19, 2026 - 19:24
 0
डीआईसी महाप्रबंधक की नेशनल चैम्बर संग अहम बैठक, निर्यात से लेकर समाधान दिवस तक कई बड़े आश्वासन
नेशनल चैंबर सभागार में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र सिंह का स्वागत करते चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल और अन्य पदाधिकारी।

आगरा। नेशनल चैम्बर सभागार में बुधवार को चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में औद्योगिक विकास एवं डीआईसी प्रकोष्ठ के चेयरमैन नरेन्द्र तनेजा के नेतृत्व में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक शैलेन्द्र सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नवीन पदभार ग्रहण करने पर श्री शैलेन्द्र सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

बैठक में महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र शैलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा आगरा के उद्योगों को हर संभव तरीके से विकसित करने की है और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने मांग रखी कि उद्योगों के हित में सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी औद्योगिक योजनाओं की जानकारी चैम्बर को ई-मेल के माध्यम से नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक उद्यमी इनका लाभ उठा सकें। इस प्रस्ताव पर महाप्रबन्धक द्वारा सहमति प्रदान की गई।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल एवं डीआईसी प्रकोष्ठ के चेयरमैन नरेन्द्र तनेजा ने कॉमन फैसिलिटी सेंटर को पुनः प्रारंभ करने की मांग रखी, जिससे लघु एवं मध्यम उद्योगों को तकनीकी और अवसंरचनात्मक सहायता मिल सके। इस पर महाप्रबन्धक ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए औद्योगिक समस्याओं के समाधान हेतु सप्ताह में एक बार समाधान दिवस आयोजित करने की घोषणा की।

महाप्रबन्धक शैलेन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि उद्यमियों की समस्याओं का पूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शीघ्र ही चैम्बर के सहयोग से वृहद स्तर पर वायर सेल मीट का आयोजन किया जाएगा, जिससे उद्योगों को नए व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे।

बैठक में औद्योगिक आस्थानों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड किए जाने की मांग पर महाप्रबन्धक ने कहा कि चैम्बर द्वारा प्रेषित प्रस्ताव को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। इसके साथ ही ताज संरक्षित क्षेत्र में उद्योगों को आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने उच्च स्तर पर समाधान कराने का आश्वासन दिया।

महाप्रबन्धक शैलेन्द्र सिंह ने चैम्बर सदस्यों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

बैठक में प्रमुख रूप से चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, औद्योगिक विकास एवं डीआईसी प्रकोष्ठ के चेयरमैन नरेन्द्र तनेजा, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, सीताराम अग्रवाल, अशोक कुमार गोयल, नरेन्द्र सिंह, सदस्य राकेश चौहान, मनोज बंसल, अम्बा प्रसाद गर्ग, रंजीत सामा, उमेश गोयल, गिरीश चंद गोयल, पियूष गोयल, महेश अग्रवाल, सुशील बंसल, हर्षित अग्रवाल, चारूश तनेजा, अशोक अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, राजीव जैसवाल सहित अनेक उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor