सड़क पर थम गई सांसें: सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के सचिव अनिल शर्मा का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन
आगरा। शहर की सामाजिक चेतना को आवाज देने वाले सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के सचिव अनिल शर्मा का शनिवार पूर्वाह्न अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। वे अपने मोती लाल नेहरू रोड स्थित निवास से किसी कार्य से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही जिंदगी ने उनका साथ छोड़ दिया। उनके असामयिक निधन से शहर के सामाजिक और बौद्धिक वर्ग में गहरा शोक व्याप्त है।
चौराहे पर अचानक बिगड़ी तबीयत, मौके पर ही गिरे
मिली जानकारी के अनुसार, लगभग सवा 11 बजे घटिया आजम खां चौराहे के पास से गुजरते समय अनिल शर्मा को अचानक तीव्र हृदयाघात हुआ। वे सड़क पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना उनके परिचितों को दी।
सूचना मिलते ही सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शिरोमणि सिंह ने कुछ लोगों की मदद से उन्हें तुरंत श्रीराम अस्पताल पहुंचवाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उद्योग से लेकर समाजसेवा तक सक्रिय भूमिका
अनिल शर्मा ने लंबे समय तक अरविंद मिल्स में अपनी सेवाएं दी थीं और विदेश में भी कार्य किया था। वर्तमान में वे पूरी तरह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और शहर के विभिन्न जनहित मुद्दों पर मुखर आवाज बने हुए थे।
बाह के जिला बनने पर भदावर जिला नाम देने के थे पक्षधर
हैरानी की बात यह है कि आज ही वे एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। इस प्रेस कॊन्फ्रेंस संबंधी पेपर भी उनके पास थे। उनका स्पष्ट मत था कि आगरा जनपद का विभाजन नहीं होना चाहिए, और यदि विभाजन हो तो बाह को जिला बनाकर उसका नाम ‘भदावर जनपद’ रखा जाए। वे भदावर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के पक्षधर थे।
जल संरक्षण के मुद्दों पर भी थे अग्रणी
पूर्व पार्षद शिरोमणि सिंह और वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना के साथ मिलकर अनिल शर्मा भूजल स्तर सुधार के लिए तेरहमोरी बांध को पुनः क्रियाशील करने और उटंगन नदी पर रिहावली बांध निर्माण के प्रयासों में लगे थे। इस संबंध में वे कई बार जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया से भी मिले थे।
उनके अचानक निधन की खबर फैलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों को इस खबर पर सहज विश्वास नहीं हो रहा है।
साथियों ने जताया गहरा शोक
सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के अध्यक्ष शिरोमणि सिंह और वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक समर्पित और सजग साथी चला गया। यह विश्वास करना मुश्किल है कि अनिल शर्मा अब हमारे बीच नहीं हैं।