आईआईए की कमान फिर दिनेश गोयल के हाथ: सर्वसम्मति से दोबारा बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, लखनऊ में केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हुआ निर्वाचन
-आरके सिंह- बरेली/लखनऊ। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए बरेली के वरिष्ठ उद्योगपति एवं उद्योग हितों के मुखर प्रतिनिधि दिनेश गोयल को एक बार फिर सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। निर्वाचन परिणाम घोषित होते ही उद्यमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से आए उद्योगपतियों ने उन्हें बधाई देकर अपने विश्वास का इजहार किया।
शनिवार को लखनऊ में आयोजित आईआईए की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की गई। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी परिणाम के अनुसार दिनेश गोयल को सर्वसम्मति से पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की घोषणा के साथ ही बैठक स्थल पर मौजूद उद्यमियों ने उनका स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार के अवसरों का विस्तार तथा औद्योगिक आधारभूत संरचना के विकास को गति देना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और आईआईए उनके हितों की रक्षा तथा समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य भी आगे बढ़ाता रहेगा, ताकि उद्यमियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
दिनेश गोयल के पुनर्निर्वाचन पर वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, नोएडा सहित प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उद्यमियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने उद्योगों की समस्याओं को मजबूती से उठाया है और भविष्य में भी उद्योग हितों की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन और एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश को उद्योग और निवेश के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।