दूसरे दिन फूड टेक्नोलॉजी से निर्यात तक चर्चा: उद्योग का महाकुंभ बना फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2025
आगरा। रावी इवेंट्स के प्रबंधन में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा, भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से आयोजित फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2025 का दूसरा दिन तकनीकी सत्रों, नवाचारों और उत्पाद प्रदर्शनों से जीवंत रहा। 100 से अधिक स्टॉलों और 4000 से अधिक व्यापारियों व उद्यमियों की भागीदारी ने इसे उत्तर भारत के सबसे बड़े खाद्य व्यवसाय आयोजनों में शुमार कर दिया।
तकनीकी सत्रों की श्रृंखला में फूड इंडस्ट्री को नई दिशा
पहला सत्र यूपी कोल्ड चैन एंड वेयरहाउस इंडस्ट्री की आलू भंडारण एवं शीतगृह उद्योग समस्या पर केंद्रित रहा। दूसरे सत्र में आलू निकासी और संभावनाओं पर मंथन हुआ। तीसरे सत्र में एमएसएमई मंत्रालय के सह निदेशक सुशील यादव ने नवाचार उद्यमियों को एमएसएमई पंजीकरण की सरल प्रक्रिया समझाई। इस सत्र का शुभारंभ सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत, महासचिव अनुज सिंघल और उपाध्यक्ष नितिन गोयल ने किया।
शीतगृह उद्योग की चुनौतियां और समाधान
फतेहाबाद रोड स्थित जेपी पैलेस में आयोजित एक्सपो के पहले सत्र में कोल्ड चैन और शीतगृहों की समस्या पर गहन मंथन हुआ। उद्घाटन उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, फेडरेशन ऑफ इंडिया कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, यूपी कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल, अजय गुप्ता, संरक्षक अजय अग्रवाल, गोविंद कजरिया, हसमुख गांधी, आशीष गुरु, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। पूर्व अध्यक्ष राजेश गोयल व सुदर्शन सिंघल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आलू से आगे की सोचें कोल्ड स्टोरेज स्वामी- गर्ग
राकेश गर्ग ने कहा कि सिर्फ आलू पर निर्भरता कम कर शीतगृह स्वामी गाजर, मटर, मिर्च आदि का भंडारण करें और प्रसंस्करण यूनिट भी लगाएं। भुवेश अग्रवाल ने निकासी में आई गिरावट पर चिंता जताई। एनसीसीडी के सीईओ आशीष फोतेदार ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। सीए आरके जैन ने सब्सिडी नियमों पर प्रकाश डाला। डिप्टी डायरेक्टर आलू कौशल कुमार नीरज ने बताया कि आगरा के 329 कोल्ड स्टोरेज में 6 करोड़ टन की क्षमता है, लेकिन निकासी केवल 4.75 करोड़ टन हुई। डीपी यादव ने ऊर्जा दक्षता और आधुनिक तकनीकों पर बल दिया।
200 से अधिक देशों में भारतीय मसालों की मांग
चतुर्थ सत्र में फेडरेशन ऑफ एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन के आलोक श्रीवास्तव ने वैश्विक बाजार में भारतीय खाद्य उत्पादों की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 200 से अधिक देशों में भारतीय मसालों, सब्जियों आदि की मांग है, लेकिन भारत का हिस्सा अभी 2% से भी कम है। अफ्रीकी, यूरोपीय और दक्षिण एशियाई देशों में विशेष अवसर मौजूद हैं।
भविष्य की खाद्य तकनीक पर फोकस
पांचवें सत्र में सीएसआईआर–सीएफटीआरआई, मैसूर की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. खुशबू शर्मा और डॉ. विजयलक्ष्मी एस ने खाद्य प्रोसेसिंग की अत्याधुनिक तकनीकों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि न्यूनतम प्रसंस्करण द्वारा पोषण, स्वाद और प्राकृतिक संरचना को सुरक्षित रखते हुए कैसे दीर्घकालीन भंडारण संभव है। संस्थान द्वारा विकसित जैविक और पर्यावरण अनुकूल खाद्य पैकेजिंग, मोटे अनाज आधारित रेडी-टू-कुक/ईट उत्पाद, और 300 से अधिक तकनीक ट्रांसफर की जानकारी दी गई। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय केंद्र से उत्तर भारत के उद्योगपति तकनीकी सहायता ले सकते हैं।
आईपीओ और ब्रांड मेकिंग की जानकारी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट सुमित सक्सेना ने बताया कि यदि कंपनी 3 वर्ष पुरानी है, 1 करोड़ का टर्नओवर और 1 करोड़ कर पश्चात लाभ है, तो एसएमई आईपीओ संभव है। ब्रांड डेवलपमेंट पर सीएस अनुज अशोक और मनोज शर्मा ने जानकारी दी।
महिला उद्यमियों की चमक: देसी स्वाद और सुगंध का संगम
हाथरस की हींग, देसी अचार और जैविक उत्पादों ने विशेष आकर्षण बटोरा। ओरा फूड्स की गुरु रत्नम ने सब्जी पाउडर, अर्क और ऑयल लॉन्च किए। कल्पना अग्रवाल के होम ऑफ मील के प्री मिक्स चाय और ग्रेवी तथा ऋतु बंसल के सोल फूड्स के आचार विशेष पसंद किए गए। महिला उद्यमियों को मंच और सराहना दोनों मिली।
अंतिम दिन होगा उद्योग व पर्यावरण पर मंथन
चैंबर के अध्यक्ष अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि 24 जून को उद्योग और पर्यावरण पर सत्र आयोजित होंगे। एपीडा, एफआईईओ, डीजीएफटी सहभागिता करेंगे। यूपीएमआईसी द्वारा जेईडी और आरएएमपी पर कार्यशाला होगी। ईएसजी विषय पर आयुषी भारद्वाज मार्गदर्शन देंगी। समापन सत्र में सभी सरकारी योजनाएं और बैंकिंग सहयोग पर जानकारी दी जाएगी।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
दूसरे दिन के सत्रों में राजकुमार भगत, अनुज सिंघल, नितिन गोयल, मनीष अग्रवाल रावी, मुकेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, भुवेश अग्रवाल, अजय गुप्ता, गोविंद कजरिया, हसमुख गांधी, राजकुमार गुप्ता (भाजपा), राजेश गोयल, सुदर्शन सिंघल मौजूद रहे। संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।