बरेली में हैवानियत का घिनौना खेल: पहले झांसे में लेकर किशोरी से दुष्कर्म कर बनाया अश्लील वीडियो, फिर वायरल की धमकी दी और कैफे में बंधक बनाकर सात लड़कों ने किया गैंगरेप, मुख्य आरोपी और कैफे मालिक समेत सभी सात पर एफआईआर दर्ज
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पहले बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने छात्रा को एक कैफे के ऊपर बने कमरे में बंधक बनाया और छह लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता के ताऊ की तहरीर पर मुख्य आरोपी कैफे मालिक और दो अज्ञात समेत कुल सात लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी नॊर्थ, मुकेश चंद्र मिश्र ने बुधवार को बताया छात्रा की एक युवक से दोस्ती थी। कैफे में वह उस दिन उसी युवक के साथ आती-जाती दिखी है। ये फुटेज जब्त करके जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी भागा हुआ है। फिलहाल कैफे को सील कर दिया गया है।
भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने 5 अप्रैल को सामूहिक दुष्कर्म और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 05 जी , 6 और बीएनएस की धारा 70 (1) के तहत भोजीपुरा थाना में असद हैदर उर्फ करन निवासी जादौपुर खजुरिया,चांद निवासी धौराटांडा, बरेली, समीर अहमद, बंटी, सैफी (कैफे मालिक) और दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
भोजीपुरा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पीड़िता कक्षा छह की छात्रा है। उसके ताऊ ने पुलिस को बताया कि बीते 19 मार्च 2026 को जादौपुर खजुरिया का रहने वाला आरोपी असद हैदर उर्फ करन उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि असद ने उसे खजुरिया स्थित 'सैफी कैफे' के ऊपर बने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग से डरी-सहमी छात्रा ने असद से मिलना बंद कर दिया था। विगत दो अप्रैल 2026 को दोपहर के समय जब छात्रा अपने स्कूल में रिजल्ट लेने जा रही थी, तभी रास्ते में धौराटांडा निवासी चांद नामक युवक ने उसे रोक लिया। चांद ने उसे धमकी दी कि अगर वह असद से नहीं मिली तो उसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया जाएगा। बदनामी के डर से घबराई छात्रा को चांद अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर दोबारा उसी 'सैफी कैफे' के ऊपर बने कमरे में ले गया।
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, कैफे के उस कमरे में असद हैदर उर्फ़ करन, समीर अहमद, बंटी और दो अन्य अज्ञात लड़के पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने वहां छात्रा पर उनकी बात मानने का दबाव डाला और ऐसा न करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। जब छात्रा ने विरोध किया तो सभी ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि सबसे पहले असद हैदर ने और उसके बाद चांद, समीर, बंटी और दो अज्ञात लड़कों ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस खौफनाक वारदात के कारण पीड़िता के पूरे शरीर पर चोट के निशान और गंभीर दर्द की शिकायत है।
घटना वाले दिन दोपहर करीब 3:30 बजे पीड़िता एक व्यक्ति को रास्ते में रोती हुई हालत में मिली, जिसने उसे घर पहुंचाया। परिजनों ने जब पूछा तो वह पीड़ा से कराह रही थी लेकिन डर के कारण कुछ नहीं बोली। चार अप्रैल को जब परिजनों ने प्यार से और जोर देकर पूछा, तब जाकर पीड़िता ने अपने साथ हुई इस आपबीती का खुलासा किया।