बरेली में दिशा पाटनी के पिता को शस्त्र लाइसेंस मंजूर, पैतृक आवास पर फायरिंग के बाद मिला था भरोसा
-आरके सिंह- बरेली। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड विजिलेंस अधिकारी जगदीश पाटनी को जिला प्रशासन ने शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया है। यह फैसला उनके बरेली स्थित पैतृक आवास पर हुई फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से लिया गया है। इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पाटनी परिवार को सरकार की ओर से सुरक्षा का भरोसा दिया था।
बरेली के जिलाधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि जगदीश पाटनी 12 सितंबर की घटना के बाद स्वयं उनसे मिले थे और आवास पर हुए हमले को लेकर शस्त्र लाइसेंस की मांग की थी। सभी औपचारिकताओं और नियमों का पालन करने के बाद उन्हें रिवाल्वर/पिस्टल का लाइसेंस स्वीकृत किया गया। उन्होंने कहा, जगदीश पाटनी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइसेंस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि 12 सितंबर 2025 को सिविल लाइंस स्थित विला नंबर 40 पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने करीब 7 से 10 राउंड फायरिंग की थी। पाटनी परिवार के आवास पर यह हमला बेहद चौंकाने वाला था, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया।
17 सितंबर को यूपी एसटीएफ, हरियाणा की सोनीपत एसटीएफ और दिल्ली की सी-यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में गाजियाबाद में हुई मुठभेड़ में दोनों हमलावरों को ढेर कर दिया गया था। इनकी पहचान हरियाणा के रविंद्र (कहानी, रोहतक निवासी) और अरुण (इंडियन कॉलोनी, गोहाना रोड, सोनीपत निवासी) के रूप में हुई थी।
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि दिशा पाटनी के पिता के घर पर सुरक्षा व्यवस्था कायम रहेगी। हमलावर मारे जा चुके हैं, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए आवास की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी।
दिशा पाटनी, जो बॉलीवुड में अपनी सक्रियता और लोकप्रियता के लिए जानी जाती हैं, का परिवार बरेली में रहता है। पैतृक आवास पर हमले ने एक गंभीर सुरक्षा खामी को उजागर किया था।