अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर जिलाधिकारी की सख्ती, 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू, 273 वाहनों की जांच, कई पर कार्रवाई
आगरा । जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनपद स्तरीय कार्यबल (टास्क फोर्स) का गठन किया है। यह टास्क फोर्स 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करेगी।

अभियान के तहत खनन, वन, परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती तहसीलों खेरागढ़, बाह, फतेहाबाद और किरावली में चौबीसों घंटे निगरानी रख रही हैं। ये क्षेत्र अन्य राज्यों से जुड़े होने के कारण उपखनिज से लदे वाहनों की आवाजाही के प्रमुख मार्ग हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार का अवैध खनन, ओवरलोडिंग या ओवरस्पीडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयुक्त टीमों द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई में अब तक 273 वाहनों की जांच की गई है, जिनमें से 26 वाहनों पर चालान किया गया और 23 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया गया है। इसके अलावा 85 वाहनों पर बिना एचएसआरपी और टेम्परर्ड नंबर प्लेट होने पर कार्रवाई की गई है।
इस अभियान से न केवल अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगेगा बल्कि खनिज राजस्व में वृद्धि और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।