जिला पंचायत अध्यक्ष ने आगरा के जल संकट और सड़क विकास पर सीएम योगी से की चर्चा

आगरा। आगरा जनपद की जल समस्या और सड़क विकास को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया एवं पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनपद की आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री को एक विस्तृत छह बिंदु ज्ञापन सौंपा गया।

Jul 28, 2025 - 18:47
 0
जिला पंचायत अध्यक्ष ने आगरा के जल संकट और सड़क विकास पर सीएम योगी से की चर्चा
लखनऊ स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनपद की समस्याओं पर चर्चा करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया। साथ हैं पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह।

डॊ. मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री से भेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर मांगा विशेष सहयोग

डॉ. भदौरिया ने बताया कि आगरा में भूजल स्तर 300 फुट से नीचे जा चुका है, जबकि हर वर्ष लगभग 6030 मिमी वर्षा होती है, लेकिन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न होने के कारण अधिकांश वर्षा जल नालियों से निकलकर बह जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सरकार स्वच्छ भारत मिशन की तर्ज पर वित्तीय सहायता योजना शुरू करे, ताकि आमजन इसे अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

ज्ञापन में बताया गया कि 100 वर्ग मीटर छत से करीब 63,000 लीटर पानी भूमिगत किया जा सकता है, जिससे वर्षा जल का संचयन संभव हो सकेगा और गिरते भूजल स्तर में भी सुधार आएगा।

सड़क विकास के संदर्भ में, प्रतिनिधिमंडल ने फतेहाबाद से रिहावली मार्ग, शमसाबाद से नयावीम मार्ग और शमसाबाद से इनामलपुर देवरी मार्ग के नवनिर्माण और चौड़ीकरण की मांग रखी। इन ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ होने से ग्रामीण जनता को आवागमन में सुविधा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, पुरानी तहसील फतेहाबाद परिसर में पं. दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक भवन एवं स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देने हेतु मार्केट प्लेस निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समरसता और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित के इन प्रस्तावों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को इस दिशा में और आगे बढ़कर कार्य करने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

SP_Singh AURGURU Editor