श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार का गोवर्धन में दिव्य छप्पन भोग मनोरथ: 11 हज़ार किलो भोग और हीरों-स्वर्ण-रजत से श्रृंगारित होंगे श्री गिरिराज महाराज

ब्रजभूमि के पावन परिक्रमा मार्ग पर स्थित श्री गुरु कार्ष्णि आश्रम, गोवर्धन में 21–22 दिसंबर को आयोजित होने वाला श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार, आगरा का भव्य छप्पन भोग मनोरथ इस वर्ष पहले से कहीं अधिक दिव्य, विराट और आध्यात्मिक रूप से अनुपम होने जा रहा है। 11 हजार किलो विविध व्यंजनों का छप्पन भोग, 40 फीट ऊंचा दिव्य महल, गरुड़ ध्वज रथ पर विराजमान श्री गिरिराज जी का स्वर्ण-रजत और हीरों से अलंकृत अलौकिक श्रृंगार—सम्पूर्ण ब्रजधरा को भक्तिरस से सराबोर करने को तैयार है।

Dec 8, 2025 - 18:25
 0
श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार का गोवर्धन में दिव्य छप्पन भोग मनोरथ: 11 हज़ार किलो भोग और हीरों-स्वर्ण-रजत से श्रृंगारित होंगे श्री गिरिराज महाराज
कमला नगर स्थित मंगलम बैंक्विट में आमंत्रण पत्रिका का विमोचन करते हुए श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार, आगरा के अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन अग्रवाल, मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल एवं अन्य सदस्य।

आगरा। द्वापर युगीन ब्रज परंपरा को पुनर्जीवित करने के अनुपम प्रयास के अंतर्गत श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियां अपने चरम पर हैं। आयोजन स्थल श्री गुरु कार्ष्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर में भक्तिभाव और दिव्यता का विराट वातावरण निर्मित किया जा रहा है। इसी क्रम में कमला नगर स्थित मंगलम बैंक्विट में आमंत्रण पत्रिका का भक्तिमय वातावरण में विधिवत विमोचन किया गया।

श्री गिरिराजज जी की छवि के सम्मुख चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन अग्रवाल, मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल,ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समस्त वातावरण जय गिरिराज महाराज, गोवर्धन नाथ की जय और राधे-राधे के मधुर उद्घोष से गूंज उठा।

अजय गोयल एवं मनोज कुमार गर्ग ने बताया कि इस वर्ष का छप्पन भोग महोत्सव श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनुपम संगम होगा। वैष्णव परंपरा के अनुरूप पूर्ण शुद्धता के साथ देसी घी में तैयार किए गए 11,000 किलो विविध व्यंजन प्रभु को अर्पित किए जाएंगे, जिन्हें 1100 छाबरियों में सुसज्जित कर भोग स्वरूप सजाया जाएगा।

लगभग 40 फीट ऊंचे और 50 फीट चौड़े भव्य महल के पावन गर्भगृह में गरुड़ ध्वज  रथ पर अलौकिक फूल बंगला में श्री गिरिराज महाराज साक्षात विराजमान होंगे। इस दिव्य महल का निर्माण बंगाल से पधारे जनक महल महल का निर्माण करने वाले सुप्रसिद्ध शिल्पकार जुगई राय द्वारा किया जा रहा है।

चरण सेवकों द्वारा विशेष रूप से निर्मित असली हीरों के हार, स्वर्ण एवं रजत आभूषणों तथा अलौकिक रजत पोशाक से ठाकुर जी का मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। सुगंधित इत्र से जब प्रभु का श्रृंगार होगा, तब सम्पूर्ण वातावरण दिव्य सुगंध और भक्ति रस से सराबोर हो उठेगा।

21 दिसंबर का दिन पूर्णतः भक्तिमय अनुष्ठानों को समर्पित रहेगा। प्रातः 9 बजे रजत सुरभि गाय के साथ परिक्रमा मार्ग स्थित पावन कुंडों के जल एवं दुग्ध से गोविंदाअभिषेक सम्पन्न होगा, जिसमें “गोपाल सहस्त्रनाम” का निरंतर मंत्रोच्चार होगा। प्रातः 11 बजे राधा-कृष्ण के दिव्य डोले के साथ दुग्ध धारा, पुष्पवर्षा और संकीर्तन मंडली के साथ सप्तकोसीय परिक्रमा की जाएगी। दिल्ली से आए कलाकारों द्वारासायं 5:30 बजे भव्य भजन संध्या और रात्रि 11 बजे मानव श्रृंखला बनाकर छप्पन भोग को चरण सेवकों द्वारा आयोजन स्थल तक पहुंचाने की अनुपम परंपरा निभाई जाएगी।

श्याम सुंदर माहेश्वरी और पवन अग्रवाल ने जानकारी दी कि 22 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से 551 साधुओं की सेवा, दोपहर 1 बजे से दर्शन का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं को प्रभु प्रसाद वितरित किया जाएगा। सायं 5  सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्तिरस में डूबी भजन संध्या तथा रात्रि 9 बजे  श्यान आरती के बाद अमृततुल्य दुग्ध प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

मनीष गोयल एवं नीरज अग्रवाल ने बताया कि 13 दिसंबर को रावत पाड़ा से राम बारात मार्ग तक श्री गिरिराज जी के डोले के साथ भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से लगभग 25,000 माखन मिश्री की टिक्की का प्रसाद वितरित कर नगरवासियों को भावपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। इस शोभायात्रा में कई बैंड और पांच भव्य झांकियां भक्तिमय वातावरण को और अधिक आलोकित करेंगी।

नितिन अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल एवं आरएस गुप्ता ने जानकारी दी कि 18 दिसंबर को श्री गिरिराज जी महाराज के नाम की मेहंदी एवं भजन संध्या आगरा में आयोजित की जाएगी। मनीष अग्रवाल और मनीष बंसल ने बताया कि 19 दिसंबर को गोवर्धन में छप्पन भोग की तैयारियों हेतु भट्टी पूजन सम्पन्न होगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर अभिषेक सिंघल, गौरव बंसल, योगेश बंसल, विष्णु गोयल, सुबोध यादव, करण अग्रवाल, रजनीश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, संजीव रस्तोगी, शेखर अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल (मोनू भाई), प्रवीन गोयल, मुकुल बंसल, अंकुश मित्तल, अनूप गोयल, अनूप मंगल, सुशील गुप्ता, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, आरती बंसल, रिंकल अग्रवाल, निधि अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor