नववर्ष पर महालक्ष्मी का दिव्य श्रृंगार, आगरा के बल्केश्वर में उमड़ी भक्तों की भीड़
नव वर्ष पर आगरा के बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा श्री देवी जी ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित भव्य फूल बंगला, दिव्य पोशाक एवं निरंतर प्रसादी सेवा ने मंदिर परिसर को भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर कर दिया। अलौकिक श्रृंगार में विराजमान मां महालक्ष्मी के दर्शन को दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा श्री देवी जी ट्रस्ट के सहयोग से बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में भव्य आयोजन श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न हुआ। आकर्षक विद्युत सज्जा से सजा मंदिर ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि से गूंज उठा। इस अवसर पर मनीष बंसल ने मां महालक्ष्मी को विशेष आकर्षक पोशाक अर्पित की। झिलमिल सितारों से सजी लाल रंग की पोशाक में, रंग-बिरंगे पुष्पों के मध्य विराजमान मां ने भक्तों को अलौकिक दर्शन प्रदान किए।
सुबह से देर रात्रि तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही बनी रही। भक्तों ने दर्शन-पूजन कर नव वर्ष में सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। आयोजन के दौरान प्रसादी सेवा निरंतर चलती रही, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि नव वर्ष के प्रथम शुक्रवार को मां महालक्ष्मी के चरणों में यह आयोजन पूर्ण समर्पण और सेवा भाव के साथ समर्पित किया गया। फूल बंगला, दिव्य श्रृंगार और सतत प्रसादी सेवा ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई।
संध्याकालीन महाआरती श्री देवी जी ट्रस्ट के राममोहन कपूर, सतीश कपूर, अपीत कपूर एवं तुषार कपूर द्वारा संपन्न कराई गई। आरती के समय पूरा मंदिर परिसर जयकारों और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से भक्तिरस में डूब गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मंडल के महामंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल सहित दिलीप बंसल, संजीव रतन, अजय, अखिलेश, सुमित, मनीष अग्रवाल, अमित अग्रवाल, कौशल अग्रवाल, दीपक, संदीप, पवन, विशाल, विनोद, सागर, सचिन, विष्णु, विपिन, हेमेंद्र, गौरव, मुकेश, नवीन, रोहित, रवि खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।