आगरा के मण्डलायुक्त ने दो अहम बैठकों में की विकास कार्यों व कर-करेत्तर की समीक्षा, सख्त निर्देश

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार और लघु सभागार में क्रमशः सीएम डैशबोर्ड एवं मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक तथा कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुईं। दोनों बैठकों में आयुक्त ने विभागवार कार्यों की गहन समीक्षा की और सुधार न होने पर सख्त नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

Sep 15, 2025 - 18:04
 0
आगरा के मण्डलायुक्त ने दो अहम बैठकों में की विकास कार्यों व कर-करेत्तर की समीक्षा, सख्त निर्देश
आयुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड और कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस समीक्षा बैठक करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह। मौजूद हैं आगरा के डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी एवं अन्य जिलों के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी।

सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा

आयुक्त सभागार में हुई बैठक में सर्वप्रथम सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की गई। पिछले माह की तुलना में इस माह सिर्फ फिरोजाबाद की रैंकिंग में सुधार दर्ज हुआ, जबकि अन्य जिलों की स्थिति कमजोर रही।

ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज: डे-एनआरएलएम में आगरा और मैनपुरी में सुधार लाने के निर्देश दिए। परिवार नियोजन में चारों जिले सी ग्रेड में रहे। पंचायती राज योजनाओं में धनराशि खर्च की उपयोगिता पर बल दिया गया। 15वें और 5वें वित्त आयोग की योजनाओं में तेजी लाने को कहा गया।

पीडब्लूडी एवं निर्माण कार्य: मथुरा में नई सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध किया जाए। आगरा के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

सामूहिक विवाह योजना: तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पशुपालन एवं गौ संरक्षण: अक्टूबर तक आगरा में पांच बड़े गौ संरक्षण केंद्र पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया। फिरोजाबाद व मथुरा में भी स्थायी व अस्थायी आश्रय स्थलों पर व्यवस्थाएं सुधारने को कहा गया।

शिक्षा विभाग: मण्डल में 3127 मॉडल ग्राम घोषित, 33 अवशेष। पंचायत सहायकों की भर्ती शीघ्र करने और विद्यालयों में फर्नीचर सहित सभी पैरामीटर्स संतृप्त करने के निर्देश। अब तक कक्षा 1 से 8 तक 5,73,045 छात्रों का नामांकन हो चुका है।

स्वास्थ्य विभाग: 17 सितम्बर से आयुष्मान कार्ड पखवाड़ा शुरू करने के निर्देश। घर-घर जाकर परिवारों को चिन्हित करने और गोल्डन कार्ड बनवाने पर बल दिया। वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता देने और नए अस्पतालों को पंडित दीनदयाल योजना में जोड़ने पर भी निर्देश।

ऊर्जा और कृषि विभाग: पीएम सूर्य घर योजना और रूफ टॉप सोलर की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। आलू किसानों के लिए पर्याप्त डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश।

बड़े प्रोजेक्ट्स: आगरा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण शीघ्र कराने और मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक फोरलेन कार्य पूरा करने के निर्देश। वृंदावन परिक्रमा मार्ग और जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों में प्रगति लाने को कहा गया।

यूनीसेफ व बाढ़ समीक्षा: एमओआईसी को कोल्ड चेन मॉनिटरिंग सुधारने, डिलीवरी प्वाइंट्स को सक्रिय बनाने और बाढ़ग्रस्त इलाकों में सफाई व चिकित्सकीय टीमें भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, मैनपुरी के अंजनी कुमार सिंह, फिरोजाबाद के रमेश रंजन, सीडीओ मथुरा मनीष मीना समेत मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस समीक्षा बैठक

मंडलायुक्त कार्यालय के लघु सभागार में हुई बैठक में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह द्वारा कर वसूली और आईजीआरएस की समीक्षा की गई।

कर-करेत्तर समीक्षा: वाणिज्य कर में चारों जिले लक्ष्य से पीछे रहे, केवल मथुरा में मामूली सुधार पाया गया। आगरा में पंजीकरण बढ़ाने और मैनपुरी-मथुरा में आरसी के अनुसार वसूली करने के निर्देश दिए गए। स्टांप व रजिस्ट्रेशन में मथुरा की प्रगति कमजोर रही, संशोधित दरें अगले माह से लागू करने को कहा गया। आबकारी मद में आगरा की प्रगति सबसे कम रही, परिवहन विभाग को लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।

विद्युत व विविध देय: फिरोजाबाद और मैनपुरी को मासिक लक्ष्य पूर्ति का निर्देश। ओवरऑल प्रगति संतोषजनक रही, पर आगरा वार्षिक लक्ष्य में पीछे है।

आईजीआरएस समीक्षा: इस माह रैंकिंग 6वीं रही, पिछली बार की तुलना में सुधार हुआ। फिर भी कई विभागों से असंतोषजनक फीडबैक मिला। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि खानापूर्ति नहीं चलेगी। शिकायतकर्ताओं से फोन पर सम्पर्क, फीडबैक विवरण, स्थलीय निरीक्षण व फोटो सहित रिपोर्ट संलग्न करने के आदेश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरण, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, फिरोजाबाद के रमेश रंजन, मैनपुरी के अंजनी कुमार सिंह, एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला, एडीएम मथुरा डॉ. पंकज कुमार वर्मा, आरटीओ अरुण कुमार व डीवीवीएनएल मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor