दीपावली आनंद मेले में संस्कारों की उमंगः आत्मनिर्भरता और भारतीय परंपरा का अद्भुत संगम
आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क रविवार को दीपावली की रोशनी से ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों, परंपराओं और आत्मनिर्भरता के संदेशों से भी आलोकित हो उठा। संस्कार भारती, पश्चिम प्रताप, आगरा द्वारा आयोजित दीपावली आनंद मेला में जहां झूले और प्रतियोगिताओं ने बच्चों और युवाओं को आनंद से भर दिया, वहीं शंखनाद, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की जीवंत परंपरा का भव्य दर्शन कराया।
भारतीय संस्कृति का उत्सव
मेले के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल थे। उन्होंने कहा, भारतीय परंपराओं से जुड़ाव तभी संभव है जब हम त्योहारों को सांस्कृतिक रूप में मनाएँ। संस्कार भारती का यह आयोजन समाज में ज्ञान, संस्कार और स्वदेशी चेतना को पुनर्जीवित करने का उत्कृष्ट प्रयास है।
कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, बांकेलाल गौड़, सुभाष अग्रवाल, गौरव बंसल, राजीव द्विवेदी, घनश्याम दास अग्रवाल, डॉ. ऋषि महाजन, महेंद्र खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और नारीशक्ति का संगम
मेले में स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति को प्रोत्साहित किया गया। महिलाओं ने हस्तनिर्मित दीप, पूजा सामग्री, सजावटी वस्तुओं और गृह उत्पादों के स्टॉल लगाए। बच्चों के लिए झूले और खेल, युवाओं के लिए नृत्य व गीत प्रतियोगिता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने हर आयु वर्ग को आनंदित किया।
शंखनाद ने गुंजाया संदेश
‘घर-घर शंख बजाओ’ थीम पर आयोजित शंख बजाने की प्रतियोगिता मेले का मुख्य आकर्षण रही। प्रतियोगिता ने परंपराओं के साथ-साथ स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। पूरा वातावरण शंखध्वनि से गूंज उठा।
स्वर्णिम भारत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति
नीता गर्ग, मीना अग्रवाल, अनीता भार्गव और रश्मि सिंह के संयोजन में प्रस्तुत स्वर्णिम भारत की सांस्कृतिक झांकी ने दर्शकों को रोमांचित किया। कोरियोग्राफी पुरुषोत्तम मयूरा द्वारा की गई थी। चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता में 153 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें राज्य ललित कला अकादमी की सदस्य डा. आभा गुप्ता का विशेष मार्गदर्शन रहा।
इसके अलावा महाभारत आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता (अमित अग्रवाल), कलश व थाल सज्जा, और विविध वेश प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को मनोरंजक और ज्ञानवर्धक बना दिया।
विजेताओं का सम्मान
निर्णायक मंडल में निधि बंसल, गीता अग्रवाल, आस्था गर्ग, डॉ. रश्मि सक्सेना, प्रो. बिंदु अवस्थी, डॉ. मुकेश कुमार, शार्दुल मिश्रा शामिल रहे। विजेताओं को सम्मानचिह्न देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया। समस्त व्यवस्थापन नीरज अग्रवाल, श्याम तिवारी, आशीष जैन, अमित पाठक और शुभांशु गर्ग की टीम द्वारा किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम प्रांतीय महामंत्री नन्द नंदन गर्ग के निर्देशन में संपन्न हुआ।