अंबेडकर पुल की खस्ताहाल देख भड़के डीएम, मरम्मत तक बंद किया गया
आगरा। शहर के प्रमुख अंबेडकर पुल की जर्जर हालत को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बुधवार को राज्य सेतु निगम के अधिकारियों के साथ पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पुल की गंभीर स्थिति पर नाराजगी जताई और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
-सेतु निगम अधिकारियों संग किया निरीक्षण, पुल की गंभीर स्थिति पर नाराजगी भी जताई
पुल के क्षतिग्रस्त स्लैब, दरारें और जंग लगे स्ट्रक्चर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पुल को फिलहाल आवागमन के लिए बंद कर दिया है। डीएम ने साफ कहा कि मरम्मत पूरी होने तक किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से पुल के दोनों ओर पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए।
सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी न हो और तय समयसीमा में काम पूरा किया जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
ज्ञातव्य है कि बुधवार की रात आए तूफान के दौरान अंबेडकर पुल पर लगी जाली टूट कर नीचे आ गिरी थी, जिससे पुल पर आवागमन रुक गया था।