यमुना किनारे बाढ़ की स्थिति का डीएम ने देर शाम लिया जायजा, विधायक भी रहे साथ

आगरा। बुधवार देर शाम जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने यमुना किनारे बसे इलाकों में बढ़ते जलस्तर के हालात का जायजा लिया। उनके साथ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौजूद रहे। डीएम ने हाथीघाट, बल्केश्वर, पार्वती घाट, अनुराग टॉवर, मूर्ति विसर्जन घाट, मनोहरपुर, पोईया घाट और दयालबाग क्षेत्र का भ्रमण किया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

Sep 3, 2025 - 22:38
 0
यमुना किनारे बाढ़ की स्थिति का डीएम ने देर शाम लिया जायजा, विधायक भी रहे साथ
बुधवार को देर शाम आगरा शहर में यमुना किनारा क्षेत्रों का दौरा करते जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी। साथ हैं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं अन्य अधिकारी।

संभावित बाढ़ से बचाव को दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, मेडिकल टीम को तैयार रखने, और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और तहसील प्रशासन मौके पर

इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, उपजिला मजिस्ट्रेट सदर सचिन राजपूत सहित तहसील की पूरी टीम भी मौजूद रही। राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं भ्रमणशील रहते हुए लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और शहरवासियों एवं ग्रामवासियों को समय-समय पर यमुना जलस्तर की सूचना दे रहे हैं।

डीएम की अपील— सावधानी ही सुरक्षा

डीएम ने जनता से अपील की कि बाढ़ जैसी आपदा में घबराने की बजाय एहतियाती कदम उठाएं—

जरूरी कागजात वॉटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखें।

क्लोरिन, ओआरएस और जरूरी दवाइयां प्राथमिक उपचार किट में रखें।

सूखा अनाज व मवेशियों का चारा ऊँचे स्थान पर रखें।

गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्ध, दिव्यांग और बीमारों को तुरंत शरणालयों में भेजें।

केवल उबला या क्लोरिन युक्त पानी ही उपयोग करें।

बिजली का मुख्य स्विच और गैस रेगुलेटर बंद रखें।

डूबे हैंडपंप या दूषित खाद्य सामग्री का सेवन न करें।

नदी किनारे जाने से बचें और जरूरी सामान ऊँचाई पर सुरक्षित रखें।

24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम

जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। सहायता या आपातकालीन सूचना के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 0562-2260550 एवं 09458095419 पर संपर्क कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor