संकल्प में न खोजें विकल्प, सफलता की राह पर एकाग्र मन से बढ़ें विद्यार्थी-डॊ.बबीता चौहान
आगरा। जब संकल्प में विकल्प आ जाएं तो वह केवल इच्छा बनकर रह जाता है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता सिंह चौहान ने यह प्रेरक बात जाट क्षत्रिय वीरांगना सभा द्वारा बोस्टन पब्लिक स्कूल, पश्चिमपुरी में आयोजित पंचम मेधावी सम्मान समारोह में कही। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने और एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी।
-वीरांगना सभा के मेधावी सम्मान समारोह में दी गई सफलता की संजीवनी
कार्यक्रम में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, जेईई, नीट, स्पोर्ट्स व अन्य राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॊ. बबीता सिंह चौहान ने बच्चों को समय प्रबंधन, तकनीकी संयम और आत्मविश्वास के मूल मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि सपनों को सच करने के लिए दृढ़ संकल्प, अनुशासन और समर्पण ही सबसे बड़ी कुंजी है।
कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट कुंवर शैलराज सिंह ने कहा कि यह महज सम्मान नहीं, बल्कि संघर्ष के स्वाभिमान का उत्सव है। मुख्य वक्ता चौधरी नलिनी सिंह (राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा अध्यक्ष) ने छात्रों को मेहनत और समर्पण से अपने लक्ष्य पाने का आह्वान किया।
वीरांगना सभा की संस्थापक अध्यक्ष सुनीता सिंह ने कहा कि यह आयोजन उन छात्रों को समर्पित है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी परिश्रम से कामयाबी हासिल की।
खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को भी मिला मंच
समारोह में फ्रांस के कान्स फिल्म फेस्टिवल में हॉलीवुड के लिए ड्रेस डिज़ाइन करने वाली फैशन डिज़ाइनर विधि चाहर का विशेष सम्मान हुआ। साथ ही लक्ष्य चाहर (जेईई), कुलदीप चाहर (नीट), शरद, सुमित, शौर्य, दिगंबर और देवेंद्र जैसे खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान से दमके छात्रों के चेहरे
सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे आत्मविश्वास से भर उठे। मंच पर सम्मान लेते बच्चों की आंखों में संघर्ष के बाद मिली पहचान की चमक थी। विद्यालय के चेयरमैन वीरपाल चाहर ने सभी आगंतुकों और सहभागियों का आभार जताया।
समारोह में इनकी रही मौजूदगी
एडवोकेट सुरेंद्र वर्मा सजग, रूपल चौधरी, इं. आर.के. सिंह, रानी सिंह, कंचन चौधरी, अनीता चौधरी, नीतू चौधरी, रेनू नौहवार, मोनिका फौजदार, साधना राणा, गिरजेश चौधरी आदि।