रेड लाइट वॉयलेशन, ओवरस्पीडिंग, नो सीट बेल्ट और रॉन्ग साइड के मामलों में चालान दोगुने करें

आगरा। प्रदूषण नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आगरा स्मार्ट सिटी की 38वीं बोर्ड बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में प्रदूषण सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर अधिक है, वहां कारणों का अध्ययन कर ठोस कदम उठाए जाएं। धूल प्रदूषण रोकने के लिए राजस्थान सीमा से लगे इलाकों में विशेष निगरानी रखने पर भी बल दिया गया। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन, ई-गवर्नेंस, पब्लिक बाईसाइकिल प्रोजेक्ट और सिटी एप को लेकर विस्तृत समीक्षा हुई।

Aug 25, 2025 - 20:57
 0
रेड लाइट वॉयलेशन, ओवरस्पीडिंग, नो सीट बेल्ट और रॉन्ग साइड के मामलों में चालान दोगुने करें
आगरा स्मार्ट सिटी की 38वीं बोर्ड बैठक में मौजूद मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त और अन्य अधिकारी।

-आगरा स्मार्ट सिटी की 38वीं बोर्ड बैठक में कई अहम निर्णय, प्रदूषण नियंत्रण और यातायात सुधार पर जोर,

बैठक में अवगत कराया गया कि स्मार्ट सिटी द्वारा स्थापित 63 एटीसीएस जंक्शन में से 13 अभी ट्रैफिक पुलिस द्वारा ब्लिंक मोड पर चलाए जा रहे हैं। इस पर कमिश्नर ने निर्देश दिए कि वीआईपी आवागमन को छोड़कर बाकी समय अधिकतम जंक्शन एडेप्टिव मोड पर चलें।
आईटीएमएस जंक्शन से रेड लाइट वॉयलेशन, ओवरस्पीडिंग, नो सीट बेल्ट और रॉन्ग साइड वाहन पकड़ने के बावजूद चालानों की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर एडीसीपी ट्रैफिक को मैनपॉवर बढ़ाने और चालान की संख्या दोगुनी करने के निर्देश दिए गए।

स्मार्ट सिटी के मेरा आगरा एप को अब तक 20 हजार यूजर्स ने डाउनलोड किया है। इस पर इवेंट जानकारी, हेरिटेज टिकट बुकिंग, नगर निगम सेवाएं और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकाधिक यूजर्स को जोड़ने के लिए एप का प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए और नगर निगम की नई योजनाएं भी इसमें जोड़ी जाएं।

पब्लिक बाईसाइकिल शेयरिंग प्रोजेक्ट का अनुबंधित कंपनी द्वारा समुचित संचालन न करने पर उसका अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया। वहीं सिटी 2.0 प्रोजेक्ट को लेकर बताया गया कि सर्वे पूरा हो चुका है और शासन स्तर पर मीटिंग के बाद प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसमें बायो वेस्ट मैनेजमेंट का भी प्रावधान रहेगा।

बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मौझी, इंडीपेंडेंट डायरेक्टर्स रघु नायर व कंचन वोहरा, जीएम (प्रोजेक्ट) अरूण कुमार, एसोसिएट टाउन प्लानर स्मिता निगम, सीएस ईशा भारद्वाज, नोडल ऑफिसर बीएल गुप्ता और चीफ डेटा ऑफिसर सौरभ अग्रवाल उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor