अयोध्या जा रही गुजरात के श्रद्धालुओं की डबल डेकर बस शाहजहांपुर में ट्रोला से टकराई, परिचालक की मौत, दो घायल

गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम जा रही एक डबल डेकर बस शाहजहांपुर जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। थाना रोजा क्षेत्र में अटसलिया पुल पर हुए इस हादसे में बस परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Jan 2, 2026 - 20:04
 0
अयोध्या जा रही गुजरात के श्रद्धालुओं की डबल डेकर बस शाहजहांपुर में ट्रोला से टकराई, परिचालक की मौत, दो घायल
शाहजहांपुर में दुर्घटनाग्रस्त हुई गुजरात के तीर्थयात्रियों की बस।

-राजीव शर्मा-

शाहजहांपुर। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर तीर्थ यात्रा पर निकली एक डबल डेकर बस, हरिद्वार से होते हुए अयोध्या धाम जा रही थी। सुबह के समय जब बस थाना रोजा क्षेत्र अंतर्गत अटसलिया पुल पर पहुंची, तभी आगे चल रहे एक ट्राला ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बस चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और तेज रफ्तार बस ट्राला से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से में बैठे परिचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बस परिचालक मुकेश भाई (उम्र लगभग 26 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि हादसे में घायल दो अन्य श्रद्धालुओं का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक व घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रोला द्वारा अचानक ब्रेक लगाया जाना और बस का नियंत्रण न संभल पाना बताया जा रहा है। मामले की विधिक जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

बीच रास्ते बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार तीर्थयात्री भी बहुत परेशान हो गये क्योंकि भीषण ठंड में उन्हें घंटों सड़क पर खुले में रुकना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor