आगरा-अलीगढ़ मंडल के सात जिलों में होगा डबल राउंड रॉबिन इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट

उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने आगरा और अलीगढ़ मंडल के सात जिलों के बीच डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट कराने का निर्णय लिया है। टूर्नामेंट अगले सप्ताह से प्रारंभ होकर 15 नवम्बर तक चलेगा। इसमें प्रत्येक जिला टीम को छह मैच खेलने का मौका मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों को घरेलू और बाहरी दोनों परिस्थितियों में खेलने का बहुमूल्य अनुभव प्राप्त होगा।

Oct 6, 2025 - 18:01
 0
आगरा-अलीगढ़ मंडल के सात जिलों में होगा डबल राउंड रॉबिन इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट
आगरा और अलीगढ़ मंडल के सात जिलों के बीच डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट की घोषणा करते उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के पदाधिकारी।

आगरा। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आगरा मंडल के सात जिलों आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज और हाथरस  के बीच डबल राउंड रॉबिन इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जाने की घोषणा की गई है।

टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में प्रोफेशनल अनुभव प्रदान करना और उन्हें राज्य स्तरीय क्रिकेट के लिए तैयार करना है। इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को घरेलू और बाहरी दोनों परिस्थितियों में खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके प्रदर्शन में निखार आएगा।

यह निर्णय उप्र क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक में लिया गया, जो दयालबाग स्थित होटल पूनम प्लाजा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता यूपीसीए अध्यक्ष अनिल विधोलिया ने की, जबकि उपाध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, सचिव जी.डी. शर्मा तथा अन्य पदाधिकारी अंकेश वशिष्ठ, ऋषभ शर्मा, सुजीत पचौरी, अखिल दीक्षित और प्रदीप प्रकाश मौजूद रहे।

बैठक में सभी सात जिलों के महासचिवों ने भाग लिया और प्रतियोगिता की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। तय किया गया कि सभी जिलों के मध्य मैचों के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्टेट लेवल टूर्नामेंट में चयन का अवसर मिलेगा।

बैठक के समापन पर उप्र क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष अनिल विधोलिया और उपाध्यक्ष डी.आर. गुप्ता ने सभी जिलों के सचिवों को सम्मान पत्र  प्रदान किए।

SP_Singh AURGURU Editor