आगरा पर सर्दी का डबल अटैक, घना कोहरा, ओस की फुहार और बढ़ी गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त

आगरा में घने कोहरे और ओस की फुहारों ने सर्दी का असर और बढ़ा दिया है। सुबह तापमान 10 डिग्री के आसपास रहा। दृश्यता कम होने से ट्रेनें और वाहन प्रभावित हुए। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कोहरा और बारिश की संभावना जताई है।

Feb 4, 2026 - 12:33
 0
आगरा पर सर्दी का डबल अटैक, घना कोहरा, ओस की फुहार और बढ़ी गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त
आज सुबह छाया हुआ घना कोहरा।

सुबह 10 डिग्री पर ठिठुरा शहर, ट्रेनों की रफ्तार थमी, अगले दो दिन बारिश के आसार

आगरा। आगरा में बुधवार की सुबह सर्दी अपने चरम पर नजर आई। शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा और ओस की बूंदें बारिश की फुहार की तरह टपकती रहीं। इस बदले मौसम ने एक बार फिर गलन बढ़ा दी है, जिससे ठंड का असर और तीखा हो गया। सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखाई दिए। सड़कों पर आवाजाही कम रही और आम जनजीवन पर मौसम का सीधा असर पड़ा। मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 से 2026 के बीच 3 फरवरी को दिन का सबसे कम अधिकतम तापमान इसी वर्ष दर्ज किया गया है। वहीं, पिछले पांच वर्षों में 3 फरवरी की सबसे ठंडी रात वर्ष 2023 में रही थी। इस अवधि में इस साल अधिकतम तापमान सबसे नीचे है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है।

बुधवार सुबह कोहरा इतना घना रहा कि बाहरी क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम हो गई। इसका सीधा असर रेल और सड़क यातायात पर पड़ा। अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। नई दिल्ली–भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस आगरा करीब पौन घंटे की देरी से पहुंची। ताज एक्सप्रेस और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी लेट रहीं।

कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे और हाईवे पर वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। जगह-जगह वाहन चालकों को फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप निकलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा और इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। साथ ही, अगले 48 घंटों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।