फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय में 91वें दीक्षांत समारोह के लिए तैयार

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 20 अगस्त को होने वाले 91 वें दीक्षांत समारोह के लिए आज विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद (खंदारी) परिसर स्थित शिवाजी मंडपम् में फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन व निर्देशन में हुई रिहर्सल में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। 

Aug 18, 2025 - 20:30
 0
फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय में 91वें दीक्षांत समारोह के लिए तैयार
सोमवार को हुई विवि कार्य परिषद की बैठक में मौजूद कुलपति प्रो. आशु रानी एवं विवि के अन्य अधिकारी।

इस दौरान कुलपति के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक शोभायात्रा के रूप में शिवाजी मंडपम तक पहुंचें। इसके बाद अन्य औपचापरिकताओं के बीच मेधावी विद्यार्थियों को पदक, डिग्री और पुरस्कारों के वितरण का अभ्यास किया गया। शिक्षकों को भी तीन पुरस्कार सौंपे गए। विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

मॉडल स्कूल के बच्चों द्वारा पर्यावरण गीत की प्रस्तुति दी। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए पांच गांवों के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में तथा आंगनबाडी केंद्रों में आयोजित आपसी प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित किए गए। प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यालयों में कराई गई भाषण, चित्रकला और कहानी कथन की प्रतियोगिताओं  में प्रत्येक कक्षा समूह एवं प्रत्येक विद्यालयों से उत्कृष्ट बच्चे सम्मानित किए गए।

कार्य परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय

दीक्षांत समारोह से पूर्व सोमवार को कार्य परिषद की बैठक संपन्न हुई। इसमें विभिन्न बिंदुओं के साथ दीक्षांत समारोह से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा कर अनुमोदन किया गया। बैठक में पीएचडी की 144 उपाधियां देने पर निर्णय लिया गया, जिनमें 80 छात्र और 64 छात्राएं हैं। साथ ही 117 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 76 पदक छात्राओं और 41 छात्रों को प्रदान किए जाएंगे।

साथ ही विश्वविद्यालय के दिवंगत कर्मचारी चेतन कुशवाह के मामले में ईसी ने मानवतावादी दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके अर्जित अवकाश अनुमोदित करते हुए उनके परिवार को सभी देय लाभ देने की संस्तुति की।

SP_Singh AURGURU Editor