डॉ. त्रिवेणी दत्त सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के नए कुलपति
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पशु विज्ञान एवं कृषि अनुसंधान के क्षेत्र के प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. त्रिवेणी दत्त को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ का नया कुलपति नियुक्त किया है। राजभवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी होगी।
डॉ. त्रिवेणी दत्त इससे पूर्व भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आई.वी.आर.आई.), बरेली में निदेशक एवं कुलपति के पद पर कार्यरत रहे हैं। पशु विज्ञान, अनुसंधान, अध्यापन और विस्तार कार्यों में उन्हें 33 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है, जिसमें से 15 वर्षों से अधिक समय उन्होंने अनुसंधान प्रबंधन के उच्च पदों पर सेवाएं दी हैं।
आई.वी.आर.आई. में अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. दत्त ने संयुक्त निदेशक (अकादमिक), डीन, तथा संयुक्त निदेशक (विस्तार शिक्षा) जैसे महत्वपूर्ण पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। पशुधन विकास के क्षेत्र में उनका योगदान देशभर में सराहा जाता है। उन्होंने ‘वृंदावनी’ गाय, ‘लैंडली’ सूअर, तथा ‘रोहिलखंडी’ और ‘चौगार्खा’ बकरी जैसी उन्नत व स्थानीय नस्लों के विकास एवं पंजीकरण में प्रमुख भूमिका निभाई है।
शैक्षणिक और अनुसंधान क्षेत्र में डॉ. त्रिवेणी दत्त की उपलब्धियां अत्यंत उल्लेखनीय हैं। उनके नाम 2 पेटेंट, 41 कॉपीराइट, तथा 109 से अधिक डिजिटल शैक्षणिक उपकरण (जिनमें मोबाइल ऐप और चैटबॉट शामिल हैं) पंजीकृत हैं। उन्होंने 337 से अधिक शोध पत्र और 29 पुस्तकें प्रकाशित की हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. त्रिवेणी दत्त को इस महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित जिम्मेदारी के लिए उनके शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाइयां दी हैं। बधाई देने वालों में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह, शिक्षाविद जयप्रकाश त्रिपाठी (मौदहा, हमीरपुर), इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की समन्वयक प्रोफेसर वंदना शर्मा, तथा रोहिलखंड विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
Top of Form
Bottom of Form
Top of Form
Bottom of Form