बरेली के कई गांवों में ड्रोन की दहशत: अफवाहों ने उड़ाई लोगों की नींद, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
-आरके सिंह- बरेली। जिले के कई गांवों में ड्रोन जैसी वस्तुएं उड़ते देख अफवाहों का बाज़ार गर्म हो गया। चोरों की आशंका में ग्रामीण रातभर गश्त कर रहे हैं। फतेहगंज पश्चिमी, हाफिजगंज, भोजीपुरा और रिठौरा क्षेत्र में अजनबी लोगों को पकड़कर पीटने और पुलिस के हवाले करने की घटनाएं भी सामने आईं।
कमज़ोर ड्रोन बना अफवाह की जड़, सिर्फ 863 रुपये का खिलौना निकला
फतेहगंज पश्चिमी के मड़ौली गांव में छत पर मिला ड्रोन जैसा उपकरण मात्र एक सस्ता खिलौना निकला, जिसकी कीमत 863 रुपये थी और उड़ान क्षमता 300 मीटर से अधिक नहीं थी। इसमें कैमरा भी नहीं था। एसपी (उत्तर) मुकेश मिश्रा ने कहा कि बैटरी खत्म होने से वह नीचे गिरा होगा।
स्कूल की वार्डन ने किया दावा, रात 11 बजे आता है काले कपड़ों वाला
हाफिजगंज के कस्तूरबा गांधी विद्यालय की वार्डन सपना पांडेय ने वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिन से कोई व्यक्ति रात 11 बजे स्कूल की खिड़कियों पर दस्तक देता है। जांच में कोई संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
अजनबी समझकर पीटा, बाद में निकला लापता युवक
लोग इतने डरे हुए हैं कि भोजीपुरा में ग्रामीणों ने सहारनपुर निवासी एक युवक को चोर समझकर पकड़ लिया। वह चार माह से लापता था और रोजगार की तलाश में निकला था। पुलिस ने पुष्टि के बाद युवक को परिजनों को सौंप दिया।
परिवार समझा ड्रोन चोर, पुलिस ने निर्दोष मानकर छोड़ा
इसी प्रकार दिल्ली से लौटते चार भाई अपने लापता भाई भूरा को लेकर धतिया गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। जांच में वे निर्दोष पाए गए। पुलिस ने कहा कि महज शक के आधार पर हिंसा निंदनीय है।
कार समझी गई चोरों की, निकली श्रद्धालु की संपत्ति
मुल्लापुर दोहरिया में एक कार कच्चे रास्ते में फंसी तो ग्रामीणों ने पीछा कर उसे कब्जे में ले लिया। ग्रामीण आशंकित थे। जेसीबी से बाहर निकालकर कार को पुलिस चौकी पहुंचाया गया। बाद में पता चला कि वह कार इज्जतनगर निवासी जितेंद्र की थी, जो जागेश्वर धाम दर्शन को गए थे।
फायरिंग तक पहुंची अफवाह, सोशल मीडिया से फैली सनसनी
फरीदपुर के कई गांवों में ड्रोन और चोरों की अफवाहों ने भय का माहौल बना दिया। परा जाटवान मोहल्ले में तो फायरिंग भी हुई। सोशल मीडिया पर एक सरकारी चिट्ठी वायरल हुई है, जिसमें बताया गया है कि एनजीटी के आदेश पर नदियों के फ्लड प्लेन सर्वे के लिए ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। इससे अफवाहों पर विराम लगने की उम्मीद है।
पुलिस की अपीलः अफवाहों पर न दें ध्यान, संदिग्ध दिखे तो सूचना दें
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि ड्रोन के उपयोग से घबराएं नहीं। विवाह व धार्मिक कार्यक्रमों में उपयोग से पहले पुलिस को सूचित करें। ग्राम सुरक्षा समितियों के ज़रिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। एडवाइजरी जारी कर ग्रामीणों को सचेत किया गया है।