आगरा कॊलेज में ढोल बजे, डा. अनुराग शुक्ल के हटने पर मनाईं खुशियां, प्रिंसिपल आवास और आफिस पर ताला
-कालेज का नॊन टीचिंग स्टाफ प्राचार्य आवास और आफिस की पहरेदारी भी कर रहा ताकि कोई छेड़छाड़ न हो सके
आगरा। प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशक डॊ. अमित भारद्वाज द्वारा आगरा कालेज के प्रिंसिपल पद पर डा. अनुराग शुक्ल का चयन निरस्तीकरण आदेश जारी करने के बाद आज कालेज कैंपस में ढोल नगाड़े बजे। नॊन टीचिंग स्टाफ ने ढोल बजवाकर खुशियां मनाईं। इस बीच कालेज कैंपस में स्थित प्रिंसिपल आवास और आफिस पर ताला डलवा दिया गया है ताकि वहां किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके।
28 नवंबर की सायं औरगुरु नेटवर्क ने सबसे पहले यह खबर प्रसारित की थी कि डॊ. अनुराग शुक्ल का प्रिंसिपल पद से चयन निरस्त हो गया है। यह खबर जंगल में आग की तरह फैली। कालेज का नॊन टीचिंग स्टाफ कालेज में जुटने लगा। सभी एकत्रित होकर कालेज कैंपस में ही स्थित प्रिंसिपल आवास पर भी पहुंचे, लेकिन वहां जाकर पता चला कि आवास बंद है।
आज सुबह कॊलेज खुलने पर नान टीचिंग स्टाफ अपनी खुशियों पर काबू नहीं कर सका। किसी ने ढोल नगाड़े वाले बुलवा लिए। कालेज में बजे ढोल नगाड़ों पर स्टाफ ने जमकर खुशियां मनाईं। चूंकि इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए स्टाफ क्लब के सदस्यों ने कुछ समय बाद ही ढोल बजवाना रुकवा भी दिया था।
इधर कालेज के बड़े बाबू जितेंद्र शर्मा और राजीव सिंह ने प्राचार्य आवास और आफिस पर ताला जड़ दिया है ताकि वहां से कुछ छेड़छाड़ न की जा सके। प्रिंसिपल आफिस और आवास की नान टीचिंग स्टाफ द्वारा पहरेदारी भी की जा रही क्योंकि आशंका है कि डा. अनुराग शुक्ल समर्थक कुछ शिक्षक आवास अथवा आफिस से फाइल आदि गायब न कर दें।