आगरा के किशोरपुरा में शराबियों ने दुकानदार को पीट-पीट कर मार डाला, पांच गिरफ्तार, दो फरार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बुधवार रात एक दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दुकान के पीछे शराब पी रहे कुछ आरोपियों को टोका जाना दुकानदार के लिए जानलेवा साबित हुआ। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हैं।

Jul 24, 2025 - 17:50
 0
आगरा के किशोरपुरा में शराबियों ने दुकानदार को पीट-पीट कर मार डाला, पांच गिरफ्तार, दो फरार

किशोरपुरा पुलिया के पास रहने वाले अशोक कुशवाहा इलाके में कोल्डड्रिंक और जनरल सामान की दुकान चलाते थे। दुकान के पीछे खाली जगह में अक्सर नशेबाजों का जमावड़ा लगता था। बुधवार रात करीब 9 बजे उनके पड़ोसी अनिल, देशदीपक, सदाशिव, हरीओम और एक अन्य व्यक्ति वहां शराब पी रहे थे।

अशोक कुशवाहा ने जब शराबियों को टोका तो पहले हल्का विवाद हुआ और आरोपी वहां से चले गए। लेकिन थोड़ी देर बाद सभी आरोपी फिर लौटे और दुकान के अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। अशोक ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उस पर बुरी तरह हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने डंडे से अशोक के सिर पर वार किया।

सिर पर डंडा लगते ही अशोक सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोग और परिवारजन शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। उनके बेटे पवन और छोटू भी पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और फिर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अशोक को एसएन मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने अब तक अनिल, देशदीपक, सदाशिव, हरीओम और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अशोक के बेटे का कहना है कि दो हमलावर अब भी फरार हैं। पुलिस उनका भी सुराग लगाने में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद किशोरपुरा इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि पहले भी दुकान के पीछे शराबियों की शिकायत की गई थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक निर्दोष दुकानदार को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor