कड़ाके की ठंड का असर, डीएम ने 9 से 12 तक के स्कूलों की भी छुट्टी की घोषित

आगरा। शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। पहले कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के बाद अब कक्षा 9 से 12 तक के सभी स्कूलों में भी कल का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

Dec 18, 2025 - 20:37
 0
कड़ाके की ठंड का असर, डीएम ने 9 से 12 तक के स्कूलों की भी छुट्टी की घोषित
इमेज फोटो

प्री-बोर्ड व प्रायोगिक परीक्षाओं को मिली छूट

आगरा। शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी  ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। पहले कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के बाद अब कक्षा 9 से 12 तक के सभी स्कूलों में भी कल का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

हालांकि, प्री-बोर्ड एवं प्रायोगिक परीक्षाओं (प्रैक्टिकल एग्जाम) का आयोजन करने वाले विद्यालयों को इस आदेश से आंशिक छूट प्रदान की गई है। ऐसे विद्यालय आवश्यकता अनुसार निर्धारित समय पर खोले जा सकेंगे, ताकि परीक्षाओं की समय-सारिणी प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) चंद्रशेखर द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के अनुसार यह निर्णय शीतलहर के चलते विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि यदि प्री-बोर्ड या प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए स्कूल खोले जाते हैं, तो ठंड से बचाव के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और यदि शीतलहर का प्रकोप बना रहता है, तो आगे भी आवश्यकतानुसार निर्णय लिया जाएगा।