पीएम मोदी, अमित शाह का दशहरा कार्यक्रम रद्द, राष्ट्रपति लालकिला पार्क में कर रहीं रावण दहन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशहरा उत्सव पर अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। वह दिल्ली के इंद्रप्रस्थ एक्सटेंशन रामलीला में जाने वाले थे, लेकिन तेज बारिश की वजह से उनका ये कार्यक्रम रद्द हो गया है। गृहमंत्री अमित शाह का केशव रामलीला पीतमपुरा आने का कार्यक्रम भी बारिश की वजह से कैंसिल हो गया।

Oct 2, 2025 - 19:22
 0
पीएम मोदी, अमित शाह का दशहरा कार्यक्रम रद्द, राष्ट्रपति लालकिला पार्क में कर रहीं रावण दहन

दशहरे के मौके पर गुरुवार (2 अक्टूबर) को दिल्ली और एनसीआर में जगह-जगह भव्य रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है। रावण दहन के समय ट्रैफिक डायवर्जन और जाम की आशंका है। आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय से तीन-चार घंटे पहले रामलीला मैदान पहुंचें, ताकि भीड़भाड़ की परेशानी न हो।

राजधानी की कई रामलीलाओं में आज बड़े-बड़े वीवीआईपी मेहमान शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लालकिला स्थित माधवदास पार्क की श्री धार्मिक रामलीला में रावण दहन कर रही हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह पीतमपुरा की रामलीला में रहने  थे लेकिन उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी लालकिला की नव श्री धार्मिक रामलीला में मौजूद हैं। शाहदरा के सीबीडी ग्राउंड की रामलीला में साउथ सुपरस्टार रामचरण मेहमान हैं। लव कुश रामलीला में अभिनेता बॉबी देओल नजर आ रहे हैं।

द्वारका सेक्टर-11 में रामलीला महोत्सव समिति ने इस बार 111 फुट ऊंचे रावण का पुतला तैयार किया है। मेघनाद और कुंभकर्ण की मूर्तियां भी 95 फुट की बनाई गई हैं। बारिश की वजह से कल ये ढह गए थे, लेकिन धूप निकलने के बाद इन्हें दोबारा खड़ा कर दिया गया । खास बात यह है कि यहां रावण दहन रिमोट से किया जा रहा है। पुतले की आंखों से रोशनी झलकेगी। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रवेश वर्मा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद हैं।

लालकिला स्थित लव कुश रामलीला में 100 फुट का रावण पुतला हो रहा है। दहन से पहले रावण के हाथ की तलवार घूम रही है।  उसमें लगी लाइटें चमक रही है। इसके अलावा, रावण को खून के आंसू बहाते हुए दिखाया गया है। अशोक विहार फेज-1 में दहन से पहले पुतले से "हे राम-हे राम" की आवाज गूंज रही है।