दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में भूकंप के झटके
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात के करीब एक बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भूकंप के झटके महसूस करने का दावा किया।
नई दिल्ली। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में रात के करीब 12 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के अनुसार, अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस होने की बात कही।
वहीं यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र ने बताया कि यह भूकंप रविवार देर रात आया और इसकी गहराई लगभग 35 किलोमीटर थी। अफगानिस्तान में आए भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में महसूस किए गए।
अमेरिकी भूकंपविज्ञानियों ने बताया कि रविवार देर रात अफगानिस्तान के पहाड़ी हिंदू कुश क्षेत्र में तेज भूकंप आया. न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जलालाबाद से 42 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में स्थित था। भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे आया। झटकों की तीव्रता और कम गहराई के बावजूद हताहतों की तत्काल कोई खबर नहीं है।