कैमरून में फंसे धीरज को बचाने के प्रयास तेज: पिता मिले सांसद नवीन जैन से

आगरा। अफ्रीका के कैमरून में फंसे भारतीय युवक धीरज जैन के परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर धीरज के पिता धनपाल जैन ने बुधवार को सांसद नवीन जैन से उनके शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर मुलाकात की। पिता धनपाल जैन ने बताया कि उनके बेटे को बीते तीन महीनों से कंपनी न केवल वेतन नहीं दे रही, बल्कि उस पर अनुचित दबाव बनाकर ज़बरन कार्य करवा रही है।

Nov 22, 2025 - 22:57
 0
कैमरून में फंसे धीरज को बचाने के प्रयास तेज: पिता मिले सांसद नवीन जैन से
सांसद नवीन जैन से मुलाकात करते कैमरून में फंसे धीरज जैन के पिता।

उन्होंने कहा कि धीरज पूरी तरह निर्दोष है, मगर कंपनी द्वारा उसे साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है। पिता ने यह भी बताया कि धीरज के एग्रीमेंट में स्पष्ट तौर पर लिखा है कि यदि किसी भी तरह की कानूनी प्रक्रिया होती है, तो वह भारत में ही होगी, बावजूद इसके कंपनी स्थानीय स्तर पर दबाव बनाकर नियमों की अनदेखी कर रही है।

धीरज की मां पहले से ही गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी से जूझ रही हैं और मुंबई में बेटी के साथ रहकर उपचार करा रही हैं। पिता ने सांसद से भावुक अपील करते हुए कहा कि बेटे, बहू और नातिन के कैमरून में फंसे होने से पूरा परिवार टूट गया है। मानसिक तनाव इतना बढ़ गया है कि मैं अपनी नौकरी तक ठीक से नहीं कर पा रहा। कृपया हमें इस संकट से बाहर निकालें।

भारतीय उच्चायोग सक्रिय

सांसद नवीन जैन द्वारा अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और कैमरून स्थित भारतीय उच्चायुक्त को भेजे गए पत्रों के बाद तेजी से प्रतिक्रिया मिली है।

कैमरून स्थित भारतीय उच्चायुक्त विनय खंडूजा ने सांसद को भेजे अपने पत्र में बताया कि वे धीरज, उसके परिवार, कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि धीरज की भारत वापसी के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं तेज़ी से पूरी की जा रही हैं और जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।

सांसद नवीन जैन बोले- आपका दुख मेरा अपना दुख है

धनपाल जैन से मुलाक़ात के दौरान सांसद नवीन जैन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि आप चिंता न करें। आपका दुख मेरा अपना दुख है। मैं प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग से लगातार संवाद में हूं। सभी विभाग सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि धीरज की सुरक्षित वापसी के लिए विभागों के बीच 24×7 समन्वय बना हुआ है। सांसद ने कहा कि जब तक धीरज सुरक्षित भारत नहीं लौट आता, उनके प्रयास एक पल को भी नहीं रुकेंगे। पूरा सरकारी तंत्र जैन परिवार के साथ खड़ा है।

SP_Singh AURGURU Editor