धौलपुर से आगरा लाया गया आठ कुंतल मिलावटी पनीर नष्ट कराया, लाइसेंस नहीं दिखा सका कारोबारी

आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मंगलवार तड़के सुबह चार बजे धौलपुर से आगरा में बिक्री के लिए लाए जा रहे आठ कुंतल मिलावटी पनीर को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस खाद्य पदार्थ की अनुमानित कीमत 1.76 लाख रुपये आंकी गई है।

Jul 22, 2025 - 19:42
 0
धौलपुर से आगरा लाया गया आठ कुंतल मिलावटी पनीर नष्ट कराया, लाइसेंस नहीं दिखा सका कारोबारी
गड्ढे में नष्ट किया गया पनीर।

-कंट्रोल तापमान का उल्लंघन, दुर्गंध व कीटाणुओं से भरे ड्रमों में पनीर; खाद्य सुरक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, कैंट चौराहे पर सुबह चार बजे हुई बड़ी कार्रवाई

टीम को यह सफलता आगरा कैंट चौराहे पर गश्त के दौरान मिली जब महिंद्रा पिकअप वाहन (UP80GT4759) को रोका गया। वाहन में पांच ड्रमों में भरा लगभग आठ कुंतल पनीर पाया गया, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी और उस पर मक्खी-मच्छरों का जमावड़ा था।

बिना लाइसेंस कर रहा था आपूर्ति

पकड़े गए वाहन चालक और खाद्य कारोबारी रविन्द्र सिंह सोनी, निवासी इंद्रा कॉलोनी, धौलपुर, राजस्थान ने पूछताछ में बताया कि यह पनीर रीको इंडस्ट्रियल एरिया धौलपुर के एक प्लांट से लाया गया है।

पूछे जाने पर वह पनीर के विक्रय अथवा परिवहन से संबंधित कोई वैध खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमानुसार बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ का परिवहन और विक्रय भारी अपराध की श्रेणी में आता है।

खराब भंडारण, कीटाणुओं की भरमार

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि पनीर को नियंत्रित तापमान में न तो संग्रहित किया गया था और न ही परिवहन में ठंडी व्यवस्था का पालन किया गया था। ड्रमों में पनीर पर मक्खियां, मच्छर, मृत कीट मौजूद थे और उसमें से तीव्र दुर्गंध निकल रही थी।

सहायक खाद्य आयुक्त महेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि यह पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता था, इसलिए टीम ने मौके पर ही पूरा माल नष्ट कराया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कठोर कार्रवाई

महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि पनीर का सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत जुर्माना व जेल दोनों का प्रावधान है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजाने ब्रांड या संदिग्ध स्रोत से डेयरी उत्पाद खरीदने से बचें, क्योंकि ऐसे उत्पाद स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor