बरेली में एक गूंज सेवा समिति अपने स्थापना दिवस पर 151 विभूतियों का करेगी सम्मान

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय एक गूंज सेवा समिति के स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर समिति के कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर) ने की। बैठक में स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा, कार्यक्रमों की तैयारी और व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Dec 21, 2025 - 15:29
Dec 21, 2025 - 15:30
 0
बरेली में एक गूंज सेवा समिति अपने स्थापना दिवस पर 151 विभूतियों का करेगी सम्मान
स्थापना दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देते एक गूंज सेवा समिति के पदाधिकारी।

अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर) ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 11 जनवरी को समिति का स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 151 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह में देश के विभिन्न राज्यों—बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मू और हिमाचल प्रदेश—से गणमान्य अतिथि और प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा।

अध्यक्ष ने कहा कि एक गूंज सेवा समिति बीते कई वर्षों से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्थापना दिवस समारोह न केवल समिति की सामाजिक यात्रा का उत्सव होगा, बल्कि भविष्य की योजनाओं को नई दिशा और मजबूती देने का भी अवसर बनेगा। कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिन्हें सभी ने सहमति के साथ निभाने का संकल्प लिया।

बैठक में कार्यक्रम स्थल, अतिथियों के स्वागत एवं आवास, सम्मान समारोह की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीडिया समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों ने मिलकर समारोह को भव्य और अनुकरणीय बनाने का संकल्प दोहराया।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर), डॉ. यू.के. दीक्षित, मोहिनी वर्मा, आशा सिंह, शिखा सक्सेना, गीता दोहरे, आलोक सिंह, पारस सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor