हरि बोल ट्रस्ट का एकादशी उद्यापन और वैवाहिक आयोजन, 11 बेटियों के हाथों रची ‘पिया नाम’ की मेहंदी

आगरा। सामाजिक सरोकार, सनातन परंपरा और बेटियों के सम्मान का सजीव उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हरि बोल ट्रस्ट, आगरा द्वारा 11वां सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह भव्यता के साथ प्रारंभ हो गया है। 28 से 30 जनवरी तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

Jan 28, 2026 - 21:14
 0
हरि बोल ट्रस्ट का एकादशी उद्यापन और वैवाहिक आयोजन, 11 बेटियों के हाथों रची ‘पिया नाम’ की मेहंदी
हरि बोल ट्रस्ट के एकादशी उद्यापन और 11 बेटियों के विवाह समारोह की एक झलक।

बल्केश्वर रोड स्थित एकलव्य वाटिका, मनोहरपुर में आयोजित इस आयोजन के पहले दिन बुधवार को मेहंदी उत्सव, महिला संगीत और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उल्लास और परंपरा से भर दिया। 11 बेटियों ने अपने हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रचाई, वहीं गणेश वंदना और लोकगीतों पर महिलाओं के नृत्य ने समारोह को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और सभ्यता पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया, जिसमें यह संदेश दिया गया कि आधुनिकता की दौड़ में पारंपरिक वैवाहिक रस्में घर-घर से लुप्त होती जा रही हैं। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रसादी एवं सामूहिक भोजन ग्रहण किया।

ट्रस्ट की संस्थापिका ममता सिंघल ने बताया कि मेहंदी उत्सव और लेडीज संगीत में महिला सदस्यों ने लोकगीतों पर उत्साहपूर्वक भागीदारी की। यह आयोजन केवल विवाह नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मसम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता का उत्सव है।

ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र गोयल (जीतू) ने बताया कि 29 जनवरी को प्रातः 7 बजे दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम आरंभ होगा। देव पूजन, एकादशी श्रवण, आरती, ब्राह्मण भोज, फलाहार एवं देव विसर्जन के साथ एकादशी उद्यापन संपन्न होगा। 30 जनवरी को 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। प्रातः हवन, गौ पूजन, ब्राह्मण भोज एवं अतिथि भोज के पश्चात भव्य बारात निकाली जाएगी और सायंकाल बेटियों की विदाई होगी।

इस मौके पर ममता सिंघल, जितेंद्र गोयल, मोहन अग्रवाल, वीरेंद्र मित्तल, हरीश पंजवानी, महेश निषाद, मोहित अग्रवाल, शिवमंगल गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, शैलू गौतम, अनिकेत अग्रवाल, विष्णु कटारा, नीरज शाक्य, भोला अग्रवाल, यश अग्रवाल सहित महिला मंडल की विनीता अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, डोली अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, प्रियंका गोयल, प्रतिभा मित्तल, कल्पना अग्रवाल, नीता बत्रा, मीना गर्ग, राजकुमारी आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor