यूपी के गाजीपुर में करंट ने छीनी चार जिंदगियां: धार्मिक आयोजन की तैयारी में दर्दनाक हादसा, गांव में मातम
गाजीपुर। जिले के नरवर गांव में आज सुबह एक धार्मिक आयोजन की तैयारियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हाईटेंशन विद्युत लाइन से करंट लगने की भयावह घटना में चार लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है। हर आंख नम है और हर दिल दहला हुआ है।
यह दुखद घटना सुरेंद्र यादव के घर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम की सजावट के दौरान हुई। कार्यक्रम स्थल को सजाने के लिए हरा बांस लगाया जा रहा था, जो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया। बांस पकड़े युवक और पास में खड़े अन्य लोग विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सात लोग मौके पर ही बुरी तरह झुलस गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने अमन (19 वर्ष), गोरख यादव (23 वर्ष), छोटे लाल (35 वर्ष) और रविंद्र यादव (29 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। 16 वर्षीय अभिरिक, 32 वर्षीय संतोष यादव और 30 वर्षीय जितेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक की लहर है। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति बन गया है।