मोदी के 11 वर्ष: आत्मनिर्भर भारत का स्वर्णिम काल, सेवा-सुशासन और विकास की नई परिभाषा- सुधांशु त्रिवेदी

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ने शनिवार को आगरा के खंदारी स्थित जेपी सभागार में प्रबुद्धजन समागम का आयोजन किया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पीएम मोदी के कार्यकाल को विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल करार दिया।

Jun 11, 2025 - 22:47
 0
मोदी के 11 वर्ष: आत्मनिर्भर भारत का स्वर्णिम काल, सेवा-सुशासन और विकास की नई परिभाषा- सुधांशु त्रिवेदी
विवि के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में प्रबुद्धजन समागम में बोलते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी।  

पीएम मोदी ने देश को दी नई पहचान

सांसद त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को न केवल वैश्विक पहचान दी, बल्कि स्वयं को तपाकर 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास अर्जित किया। यह 11 साल भारत के उज्जवल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में गरीबों के कल्याण के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के इन 11 वर्षों ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार किया है।

कांग्रेस पर तीखा हमला

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजादी के 65 साल तक कांग्रेस और अन्य दलों ने आमजन का विश्वास तोड़ा और भारत की वैश्विक साख को चोट पहुंचाई। 2014 के बाद पहली बार गरीब देश की योजनाओं में भागीदार बना है।

सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

सांसद ने मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि सुरक्षा: सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे साहसिक कदमों से भारत ने दुनिया को अपनी सैन्य शक्ति का परिचय दिया। शिक्षा व अधोसंरचना: 490 नई यूनिवर्सिटी, 160 एयरपोर्ट, 111 जल मार्ग बनाए गए। स्वास्थ्य: आयुष्मान योजना के अंतर्गत करोड़ों को मुफ्त इलाज मिला, 16,000 जन औषधि केंद्र खुले।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा: उज्ज्वला योजना से 12 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन मिला, सोलर एनर्जी हब का निर्माण हुआ। डिजिटल क्रांति: देश में 97 करोड़ लोग इंटरनेट से जुड़े, 84 करोड़ स्मार्टफोन उपयोग में हैं। धार्मिक आस्था और विकास: महाकुंभ के जरिए भारत ने आस्था और अर्थव्यवस्था के अद्भुत संगम को दुनिया को दिखाया। उन्होंने यह भी बताया कि 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

पांच प्रण और 11 संकल्प का विज़न

सांसद त्रिवेदी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को पांच प्रण और 11 संकल्प दिए हैं, जो 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाएंगे। अब विकास केवल एक नारा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत के साथ चल रहा व्यापक अभियान है।

कार्यक्रम की गरिमा और आयोजन

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सम्मान स्वरूप सभी अतिथियों को दुपट्टा, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

कार्यक्रम के संयोजकों में राहुल सागर, हेमंत भोजवानी, रश्मि सिंह धाकड़, विक्रांत तिवारी, अभिषेक गुप्ता, रोहित कत्याल और कपिल मुनि का विशेष योगदान रहा। मंच से अमित वाल्मीकि, रजनीकांत माहेश्वरी और सांसद नवीन जैन ने भी समागम को संबोधित किया।

प्रबुद्धजनों की रही सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर शहर के गणमान्य प्रबुद्धजनों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं- महेश शर्मा, टीएन अग्रवाल, भगवान दास बंसल, डॉ. तरुण शर्मा, सीए दीपिका माहेश्वरी, सीए पंकज मिश्रा, अजय जैन, मनोज अग्रवाल, विपिन बंसल, बसंत गुप्ता एडवोकेट, अशोक चौबे एडवोकेट, डॉ. कैलाश सारस्वत, शिव शंकर शर्मा, अखिलेश भटनागर, राजेश गोयल, चंद्रवीर सिंह, तपन अग्रवाल, प्रमोद सिंघल, सुनील करमचंदानी, नवीन गौतम, गौरव राजावत, शैलू पंडित, बॉबी लाले, उपमा गुप्ता, डॉ. मनिंदर कौर, अंजू दियलिनी, बबिता पाठक, सिंधु गुप्ता आदि। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor