एक पेड़ मां के नाम अभियान का भावनात्मक समापन, नि:शुल्क पौधा वितरण और काव्य संगोष्ठी
आगरा। नगर निगम आगरा एवं श्रीप्रकाश शुक्ल मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एक पेड़ मां के नाम अभियान का समापन समारोह न्यू आगरा स्थित समुद्र सागर अपार्टमेंट परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अभियान की शुरुआत 15 जुलाई को हुई थी, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक व सामाजिक पहलुओं पर विशेषज्ञों ने प्रकाश डाला।
समापन समारोह में 1000 से अधिक औषधीय एवं फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए, जिनमें पीपल, सहजन, नीम, बेल, आँवला, शहतूत, अर्जुन, पाकड़, कदंब, मधुमालती आदि शामिल थे। हर पौधा “माँ” को समर्पित था, जिसने इस आयोजन को भावनात्मक ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।
कार्यक्रम में आयोजित पर्यावरण काव्य संगोष्ठी विशेष आकर्षण रही, जिसमें वरिष्ठ कवियों- रामेन्द्र शर्मा, डॉ. केशव शर्मा, प्रो. अमिता त्रिपाठी, डॉ. असीम आनंद, चंद्रशेखर शर्मा, एडवोकेट संजय कुमार, पंकज भूषण, सुभगा पांडेय ने पर्यावरण और प्रकृति पर आधारित सशक्त रचनाएँ प्रस्तुत कीं। संचालन श्रुति सिन्हा ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश शुक्ला (अध्यक्ष, श्रीप्रकाश शुक्ल मेमोरियल ट्रस्ट) और एल. गुप्ता (मुख्य अभियंता, नगर निगम) ने की। नवीन कुमार शर्मा (सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, यूपीपीटीसीएल), प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी (प्रो-वाइस चांसलर), के. के. पांडेय, विजय गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, राष्ट्र सेविका समिति, महामना मालवीय मिशन व स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम संयोजक राकेश शुक्ला ने कहा कि मां के नाम एक पेड़ लगाने का संकल्प केवल पर्यावरणीय कर्तव्य नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव की प्रेरक मिसाल भी है।