गमी में जाने के लिए निकले एम्पोरियम स्वामी की हादसे में मौत

फतेहपुरसीकरी। कस्बे में एक एम्पोरियम स्वामी की आज पर्यटक इलेक्ट्रिक वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने से मौत हो गई। मृत चिन्नू खान (55 वर्ष) अपने एम्पोरियम से पैदल-पैदल घर जा रहे थे कि रास्ते में इलेक्ट्रिक पर्यटन वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

Dec 11, 2024 - 21:56
 0
गमी में जाने के लिए निकले एम्पोरियम स्वामी की हादसे में मौत

-फतेहपुरसीकरी में एडीए के इलेक्ट्रिक टूरिस्ट वाहन ने मार दी थी एम्पोरियम स्वामी को टक्कर

चिन्नू खान की मौत से उनके परिवार पर दोहरा वज्रपात हुआ है। चिन्नू खान गुलिस्तां टूरिस्ट कॊम्पलेक्स के पास स्थित अपने शोरूम पर रोज की तरह बैठे हुए थे। इसी समय उनकी पत्नी ने एक दुखद सूचना दी कि उनके साढ़ू के बेटे का निधन हो गया है।

रोजाना की तरह चिन्नू खान उम्र 55 वर्ष अपने निवास बनी इसराइल फतेहपुर सीकरी से गुलिस्ता टूरिस्ट कांप्लेक्स स्थित अपने हैंडीक्राफ्ट्स एंपोरियम पर दुकान खोलकर बैठे ही थे, तभी उनकी पत्नी ने दुखद सूचना दी कि बदायूं में साढ़ू लाइक अहमद के बेटे की आकस्मिक मृत्यु हो गई है। परिवार सहित मिट्टी में चलना है, इसलिए जल्दी से घर आ जाएं।

पत्नी रानी बेगम से यह दुखद सूचना मिलने के बाद चिन्नू खान अपने स्टॊफ से एम्पोरियम को देखने की कहकर वहां से पैदल-पैदल ही घर की ओर निकल लिए। गुलिस्ता टूरिस्ट कंपलेक्स पार्किंग से सड़क पर पहुंचे ही थे कि पर्यटकों को ला रही इलेक्ट्रिक टूरिस्ट कार पोलो ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिससे चिन्नू खान सड़क पर ही गिर गए।

चिन्नू खान के सिर में गंभीर चोट आने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुरसीकरी ले जाया गया, जहां से गंभीर अवस्था में भरतपुर राजस्थान के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिवारीजनों ने इलेक्ट्रिक पर्यटक वाहन चालक के विरुद्ध थाना फतेहपुरसीकरी में मुकदमा पंजीकृत कराया है।

एक सवाल जिसका जवाब जरूरी

इस दुर्घटना के बाद एक सवाल सभी को चौंका रहा है कि देशी-विदेशी पर्यटकों को प्रतिदिन बुकिंग विंडो तक पहुंचाने तथा पर्यटक स्थल से पार्किंग तक लाने के लिए एडीए की ओर से इलेक्ट्रिक पर्यटक वाहन संचालित हैं। इन इलेक्ट्रिक पर्यटक वाहनों का आरटीओ कार्यालय में पंजीकरण भी नहीं है तथा इनका बीमा भी नहीं होता है। लोग पूछ रहे हैं कि आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा फतेहपुरसीकरी में संचालित दो दर्जन इलेक्ट्रिक पर्यटक वाहनों से हादसा होने के बाद परिवार के लोग किस पर अपना क्लेम करें। पूर्व में आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से सीएनजी बसें चलाई जाती थीं। उन्हें बंद कर अब ये इलेक्ट्रिक वाहन चलाए जा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor