खाली मकान बना ‘गुप्त मदरसा’: बरेली में बिना अनुमति कई हफ्तों से चल रही थी जुमा की सामूहिक नमाज, 12 गिरफ्तार

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। संवेदनशील माने जाने वाले बरेली जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक संतुलन से जुड़ा मामला सामने आया है। बिशारतगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज गांव में एक खाली पड़े मकान को बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के अस्थायी रूप से मदरसे के रूप में इस्तेमाल कर कई हफ्तों से जुमा की सामूहिक नमाज अदा किए जाने का खुलासा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 12 लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान किया है।

Jan 18, 2026 - 12:32
 0
खाली मकान बना ‘गुप्त मदरसा’: बरेली में बिना अनुमति कई हफ्तों से चल रही थी जुमा की सामूहिक नमाज, 12 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, शनिवार को ग्रामीणों की शिकायत के बाद टीम मौके पर पहुंची, जहां खाली मकान के भीतर सामूहिक नमाज अदा की जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हिरासत में लिए गए सभी 12 आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, इस मामले में फरार बताए जा रहे तीन अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस संबंध में एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार की नई धार्मिक गतिविधि या आयोजन करना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर एहतियाती कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

जांच में सामने आया है कि जिस खाली मकान में नमाज अदा की जा रही थी, वह हनीफ नामक व्यक्ति का है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त मकान में लगातार कई शुक्रवारों से जुमा की नमाज पढ़ी जा रही थी, जबकि इसके लिए न तो कोई लिखित अनुमति ली गई थी और न ही कोई वैध दस्तावेज मौजूद था। पुलिस द्वारा कागजात मांगे जाने पर मौके पर मौजूद लोग कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खाली मकान के भीतर सामूहिक नमाज अदा करते लोग साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर लिया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor