गाजियाबाद में एनकाउंटर, अनिल दुजाना गैंग का कुख्यात बदमाश बलराम ठाकुर ढेर
गाजियाबाद में अनिल दुजाना गैंग के बदमाश बलराम ठाकुर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गराया है। वह इनामी बदमाश था।
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बड़ी खबर आ रही है। गाजियाबाद पुलिस ने एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी और अनिल दुजाना गैंग से जुड़े बदमाश बलराम ठाकुर को मार गिराया है। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने शनिवार देर रात वेव सिटी थाना क्षेत्र के अंडरपास पर हुई मुठभेड़ में इस इनामी बदमाश को ढेर किया। बलराम ठाकुर पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक बलराम ठाकुर ने दो दिन पहले ही गाजियाबाद में मदन स्वीट्स और एक लोहे के कारोबारी से लाखों रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इस अभियान की अगुवाई एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत ने की। दोनों अधिकारियों की देखरेख में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बदमाश को घेरा।
शनिवार देर शाम पुलिस को बलराम ठाकुर की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम अलर्ट मोड में आई। वेव सिटी क्षेत्र के अंडरपास पर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां उसे लगीं और मौके पर ही ढेर हो गया। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के कार्यकाल में यह पहला बड़ा एनकाउंटर माना जा रहा है।
गाजियाबाद पुलिस इसे फुल एनकाउंटर बता रही है, जिसमें कुख्यात अपराधी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया। बलराम ठाकुर पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह अनिल दुजाना गैंग का सक्रिय सदस्य था। जिले में कारोबारियों से रंगदारी वसूलकर दहशत फैलाने का काम करता था।