पीएनबी के एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम में उद्यमियों को मिला व्यावसायिक मार्गदर्शन
आगरा। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को संजय प्लेस में आयोजित एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम में कार्यक्रम के दौरान जीएसटी एक्सप्रेस ग्रोथ प्लस, एमएसएमई प्राइम प्लस जैसी योजनाओं के माध्यम से व्यापारिक ऋण को सरल और सुलभ बनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद बैंक अधिकारियों ने बताया कि ये योजनाएं विशेष रूप से स्थानीय कारोबारियों को बिना अधिक जटिलताओं के वित्तीय सहायता देने के लिए डिज़ाइन की गई हैं।
कार्यक्रम में जॉइंट कमिश्नर, इंडस्ट्रीज अनुज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि पीएनबी के महाप्रबंधक चित्तरंजन प्रूसती, अंचल प्रबंधक देबार्चन साहू, और मंडल प्रमुख पीआर अरुण ने कार्यक्रम की अगुवाई की।
आगरा और आसपास के सैकड़ों एमएसएमई उद्यमियों, व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं ने इस आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम में उत्पाद प्रदर्शनी के लिए स्टॉल्स लगाए गए, जिनमें नवाचार, डिजिटल समाधान और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की झलक देखने को मिली।
बिजनेस काउंसलिंग, लोन एप्लिकेशन सहायता, और फाइनेंशियल लिटरेसी सेशन जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और सहभागिता आधारित बनाया। आयोजकों ने बताया कि पीएनबी भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा ताकि एमएसएमई क्षेत्र को निरंतर सहयोग और संबल मिलता रहे।