आगरा में पर्यावरणविद इंजीनियर उमेश शर्मा पर मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने किया प्रहार, पुलिस जांच में जुटी

आगरा। शहर के प्रसिद्ध पर्यावरणविद और ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) के पूर्व सदस्य इंजीनियर उमेश शर्मा पर सोमवार तड़के मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश शर्मा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही जांच और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

Nov 3, 2025 - 11:33
 0
आगरा में पर्यावरणविद इंजीनियर उमेश शर्मा पर मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने किया प्रहार, पुलिस जांच में जुटी
जिला अस्पताल में इलाज कराते इंजी. उमेश शर्मा ।

आगरा। शहर के प्रसिद्ध पर्यावरणविद और ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) के पूर्व सदस्य इंजीनियर उमेश शर्मा पर सोमवार तड़के मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश शर्मा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही जांच और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना सुबह करीब 6 बजे मानस नगर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजीनियर उमेश शर्मा रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि उन लोगों ने अचानक हमला बोल दिया।

हमलावरों ने लात-घूंसे से मारपीट की और पीछे से किसी ने उनके सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए।

पुलिस ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इंजीनियर उमेश शर्मा ने बताया कि वह रोजाना मॉर्निंग वॉक पर जाते हैं और इससे पहले कभी किसी से विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना ने उन्हें स्तब्ध कर दिया है।

गौरतलब है कि उमेश शर्मा पर्यावरण संरक्षण और ताज ट्रिपेजियम जोन क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर चुके हैं। स्थानीय पर्यावरण संगठनों ने हमले की निंदा की है और प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।